दिल्ली के दिलशाद गार्डेन में ‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ नाटक का मंचन 21 अप्रैल को
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में दिल्ली के दिलशाद गार्डेन स्थित अर्वाचीन इंटरनेशनल स्कूल में 21 अप्रैल को शाम 6 बजे से ‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ नामक विशेष हिंदी नाटक का मंचन किया जाएगा। नाटक के निर्देशक संजय पेंडसे ने यह जानकारी दी।
पेंडसे ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि संघ के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे देश में इस नाटक का मंचन किया जा रहा है। ‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ नाटक संघ के प्रथम तीन सरसंघचालकों- डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, माधव सदाशिव गोलवलकर (गुरुजी) और बालासाहेब देवरस के जीवन एवं उनके योगदान पर आधारित है। उन्होंने बताया कि नाटक के माध्यम से संघ की सौ वर्षों की यात्रा को सजीव रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
पेंडसे ने बताया कि दिल्ली में इसके पहले 15 एवं 18 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर नाटक का मंचन किया गया। उन्होंने बताया कि आज शाम 6 बजे श्यामाप्रसाद मुखर्जी कॉलेज में नाटक का मंचन किया जाएगा। दिल्ली में इसके बाद 21 अप्रैल के अलावा 22, 24, 25, 26 एवं 28 अप्रैल को भिन्न-भिन्न स्थानों पर नाटक के मंचन की योजना है।
दिल्ली में कब और कहां होगा मंचन-
- 21 अप्रैलः शाम 6 बजे, अर्वाचीन इंटरनेशनल स्कूल, दिलशाद गार्डेन।
- 22 अप्रैलः शाम 4 बजे, एलटीडी ऑडिटोरियम, मंडी हाउस।
- 24 अप्रैलः शाम 6 बजे, द्वारका सेक्टर तीन।
- 25 अप्रैलः शाम 6 बजे, एआईसीटीई, नेल्सन मंडेला मार्ग, वसंतकुंज।
- 26 अप्रैलः सुबह 9 बजे, सत्यवती कालेज, अशोक विहार।
- 26 अप्रैलः शाम 5:30 बजे, कमला नेहरू कालेज।
- 28 अप्रैलः शाम 6 बजे, शहीद सुखदेव कालेज, सेक्टर-11, रोहिणी।
हिन्दुस्थान समाचार/पवन कुमार
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

