home page

रक्षा भूमि प्रबंधन में एआई और ड्रोन तकनीक का उपयोग समय की मांग: ओम बिरला

 | 
रक्षा भूमि प्रबंधन में एआई और ड्रोन तकनीक का उपयोग समय की मांग: ओम बिरला


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को कहा कि रक्षा भूमि प्रबंधन में एआई, जीआईएस और ड्रोन तकनीक का उपयोग समय की मांग है।

बिरला यहां डिफेंस एस्टेट्स ऑर्गनाइजेशन (रक्षा संपदा संगठन) के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित 'डिफेंस एस्टेट्स सेंटेनरी लेक्चर 2026' को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर रक्षा भूमि के संरक्षण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन, राष्ट्रीय सुरक्षा और छावनियों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गयी।

बदलते समय की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा, रक्षा भूमि प्रबंधन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए एआई, जीआईएस, ड्रोन तकनीक और डिजिटल रिकॉर्ड का उपयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही ई-छावनी, स्मार्ट, हरित और टिकाऊ छावनियों के निर्माण, पर्यावरण संरक्षण तथा ऐतिहासिक अभिलेखों को सहेजने जैसे प्रयासों को और गति देने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि अपनी समृद्ध विरासत, अनुभव और पेशेवर दक्षता के आधार पर रक्षा संपदा संगठन आने वाले समय में भी राष्ट्रीय सुरक्षा, सुशासन और जनकल्याण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

इस मौके पर रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, सैन्य अधिकारियों और रक्षा संपदा प्रबंधन से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लिया और महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया। इसके अलावा संगठन के सभी वर्तमान एवं पूर्व अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार शामिल रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी