home page

सपा, बसपा और कांग्रेस की हार निश्चित : मुख्यमंत्री धामी

 | 
सपा, बसपा और कांग्रेस की हार निश्चित : मुख्यमंत्री धामी
सपा, बसपा और कांग्रेस की हार निश्चित : मुख्यमंत्री धामी


जौनपुर, 11 मई (हि.स.)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जौनपुर जनपद के बदलापुर में युवा सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सपा, कांग्रेस, बसपा को ये पता है कि इनकी हार निश्चित है। ये लोग चुनाव अपने परिवार को बचाने, पापों, भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए लड़ रहे हैं। विपक्षियों के पाप गंगा मैया में भी नहीं धुल सकेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश के अंदर सभी के लिए एक समान कानून हो, इसके लिए भाजपा ने काम शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की आजादी के बाद उत्तराखंड पहला राज्य बन गया है जहां पहले ही समान नागरिक संहिता लागू हो गयी है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता की गंगोत्री देवभूमि से पूरे देश में जायेगी। धामी संसदीय क्षेत्र जौनपुर से भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह के पक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जौनपुर क्षेत्र ऐतिहासिक और पौराणिक शहर है। रामचरितमानस में भी जौनपुर का जिक्र होता है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव केवल सांसद चुनने का चुनाव नहीं अपितु ये देश का भविष्य चुनने का चुनाव है। कृपाशंकर सिंह के पास काम करने का लंबा अनुभव है, जो इस क्षेत्र की सेवा पूर्ण मनोयोग से करेंगे। उन्होंने युवाओं से जौनपुर लोकसभा में कमल खिलाने और प्रधानमंत्री को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि देशद्रोही शक्तियां आज जातिवाद, वर्गवाद के नाम पर मोदी को रोकने के लिए विपक्ष का स्लीपर सेल बनकर काम कर रही हैं।

मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवा जो सोचता है वो करता है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश के अंदर ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। देश इन्फ्राट्रक्चर्ड डेवलपमेंट, साइंस एंड टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आगे बढ़ा है। आज देश का युवा प्रधानमंत्री के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी प्रधानमंत्री द्वारा किए जा रहे कार्यों के सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया हर बड़ी घटना पर भारत के रुख का इंतजार करती है। भारत हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। देश के युवाओं को हर कदम पर मोदी का साथ मिल रहा है। युवाओं को प्रोत्साहित करने हेतु कई योजनाएं सरकार चला रही है। भारत ने 100 घंटे में 100 किमी सड़क बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया है।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के अटल संकल्प और युवाओं के टैलेंट और मेहनत की बदौलत आज विदेश की बड़ी-बड़ी कम्पनी भारत में आना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में ऐतिहासिक फैसले हुए हैं। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाई गई। देश में सीएए कानून लागू कर दिया गया है, तीन तलाक का भी खात्मा किया गया है। भगवान श्रीराम का अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण कार्य हुआ है।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, विधायक रमेश मिश्र एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/मोहित/आकाश