मप्र के राजगढ़ में नाले में बही कार, 11 में से 7 के शव बरामद, दो ने तैरकर बचाई जान
राजगढ़, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज बारिश के बीच पड़ाना बाइपास स्थित झिरी नाले के निर्माणाधीन पुल पर देवास जिले के सतवास क्षेत्र से कड़लावद जा रही ईको कार पानी के तेज बहाव में बह गई। कार में एक ही गांव के 11 लोग सवार थे, जिनमें से अब तक सात लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। दो लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई जबकि दो लोग अभी लापता हैं।
कार सतवास के धांसड़ गांव निवासी मुकेश सिंह चौहान के नाम पंजीकृत है। कार में तीन पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे सवार थे। बताया गया कि मुकेश सिंह और हुकुम सिंह हादसे के बाद किसी तरह तैरकर नाले से बाहर निकल आए। पानी का बहाव अधिक होने के कारण कार देखते ही देखते नाले में डूब गई।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम रोहित बम्होरे, एसडीओपी अरविंद सिंह, थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी सहित प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीईआरएफ के बचाव दल ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। क्रेन की मदद से कार को पानी से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान सात शव बरामद किए गए। इनमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।
बताया गया कि पड़ाना के पास झिरी नाले पर करीब 30 फीट लंबा पुल निर्माणाधीन है। तेज बारिश के कारण पुल के ऊपर पानी बह रहा था। इसी दौरान कार वहां से गुजरते समय पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। पुलिस ने बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सारंगपुर भेजा है। एसडीईआरएफ की टीम शेष दो लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

