home page

गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने जापानी कंपनियों को दिया निवेश का न्योता

 | 
गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने जापानी कंपनियों को दिया निवेश का न्योता


गांधीनगर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी जापान के दाैरे पर हैं। मंगलवार 20 अक्टूबर को संघवी की अध्यक्षता में टोक्यो और शिजुओका में 11 महत्वपूर्ण बैठकें हाे रही हैं। इनमें सात वन-टू-वन बैठकें, दो सरकारी एवं द्विपक्षीय मुलाकातें, एक टेक्सटाइल राउंडटेबल और एक आधिकारिक डिनर शामिल है।

उप मुख्यमंत्री संघवी आगामी वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के तहत वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने और गुजरात-जापान के आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जापान के दौरे पर हैं।

जापान की प्रमुख कंपनियों के साथ निवेश पर हुई चर्चा

दौरे के पहले सत्र में निप्पॉन स्टील कॉर्पोरेशन , अल्ट्राफैब्रिक्स, कानेका और इतोचू कॉर्पोरेशन सहित जापान की प्रमुख कंपनियों के साथ चार महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। निप्पॉन स्टील कॉर्पोरेशन के मुख्यालय में कंपनी के अध्यक्ष ईजी हाशिमोतो तथा प्रबंध कार्यकारी अधिकारी हिदेकी ओगावा और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गुजरात में स्टील उत्पादन क्षेत्र में विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

अल्ट्राफैब्रिक्स होल्डिंग्स के अध्यक्ष योशिमुरा के साथ सिंथेटिक लेदर और संबंधित क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। वहीं, कानेका कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष इसाव ओत्सु के साथ केमिकल और लाइफ साइंस क्षेत्र में गुजरात के साथ साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा की गई। इतोचू कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ग्रीन एनर्जी और वैश्विक व्यापार में सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत हुई। इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने हाइरेसो के साथ क्लाउड कंप्यूटिंग और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) के क्षेत्र में भी चर्चा की।

शिजुओका के गवर्नर से द्विपक्षीय बैठक, निवेश सहयोग पर जोर

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उप मुख्यमंत्री संघवी बुलेट ट्रेन से शिजुओका पहुंचेंगे। वहां शिजुओका प्रीफेक्चरल गवर्नमेंट बिल्डिंग में गवर्नर यासुतोमो सुजुकी के साथ द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। बैठक में गुजरात और शिजुओका के बीच औद्योगिक विकास, आधुनिक तकनीक और आपसी सहयोग के अवसरों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही गवर्नर को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया जाएगा।

दौरे के अगले चरण में फुजीफिल्म कॉर्पोरेशन के साथ इलेक्ट्रॉनिक मटेरियल्स और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। ऑटो कंपोनेंट क्षेत्र की कंपनी याजाकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तथा कार्बन क्रेडिट क्षेत्र में कार्यरत ग्रीन कार्बन के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें निर्धारित हैं।

इसके अतिरिक्त, जापानी निवेशकों और टेक्सटाइल उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय राउंडटेबल बैठक हाेगी। इसमें गुजरात के आधुनिक टेक्सटाइल इकोसिस्टम, नई टेक्सटाइल नीति और वैश्विक निर्यात की संभावनाओं को प्रस्तुत कर जापानी कंपनियों को राज्य में निवेश और वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

दिन के अंत में जापान में भारत के राजदूत द्वारा टोक्यो स्थित इंडिया हाउस में गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी और प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में विशेष डिनर दिया जाएगा।

-हिन्दुस्थान समाचार/ हर्ष शाह/यजुवेंद्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे