कुलगाम में सीआरपीएफ पोस्ट पर हमले के बाद कई संदिग्ध हिरासत में लिए गए
श्रीनगर, 13 नवंबर (हि.स.)। कुलगाम में हुए हमले के बाद पूछताछ के लिए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। सुरक्षाबलों ने जिले में कई जगहों पर बैरिकेड्स लगाए हैं और बख्तरबंद गाड़ियां तैनात की हैं। सुरक्षा जांच चौकियों पर वाहनों की सघन जांच और तलाशी ली जा रही है और कड़ी निगरानी रखी जा रही है। घाटी में अन्य जगहों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। श्रीनगर शहर और कश्मीर के अन्य जिलों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने वाहनों की रैंडम जांच की।
दक्षिण कश्मीर जिले में बुधवार को आतंकवादियों ने सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) की एक पोस्ट पर गोलीबारी की। हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों का पता लगाने के लिए इलाके में बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। शुक्रवार को तीसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी रहा।
अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां इस अभियान में मानवीय और तकनीकी खुफिया जानकारी का इस्तेमाल कर रही हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

