खरीफ फसलों की बुआई 1086.31 लाख हेक्टेयर पहुंची, दलहन और जूट में बढ़ोतरी
नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। देश में खरीफ फसलों का कुल क्षेत्रफल 1086.31 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में दलहन तथा जूट और मेस्ता के रकबे में बढ़ोतरी हुई है, जबकि धान, मोटे अनाज, तिलहन, गन्ना और कपास के क्षेत्रफल में मामूली कमी दर्ज की गई है। आंकड़े 4 सितंबर तक के हैं।
कृषि मंत्रालय के अनुसार धान का क्षेत्रफल 421.82 लाख हेक्टेयर रहा, जो पिछले वर्ष के 438.19 लाख हेक्टेयर से 16.37 लाख हेक्टेयर कम है। कर्नाटक, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, झारखंड और महाराष्ट्र में कमी प्रमुख रही। असम और ओडिशा में क्षेत्रफल बढ़ा है। दलहन का क्षेत्रफल 117.13 लाख हेक्टेयर रहा, जो पिछले वर्ष के 115.30 लाख हेक्टेयर से 1.84 लाख हेक्टेयर अधिक है। उत्तर प्रदेश में 3.97 लाख हेक्टेयर की सबसे बड़ी वृद्धि दर्ज की गई। झारखंड, तेलंगाना, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी रकबा बढ़ा। हालांकि महाराष्ट्र और कर्नाटक में कमी आई।
श्रीअन्न और मोटे अनाज का क्षेत्रफल 181.39 लाख हेक्टेयर रहा, जो 1.09 लाख हेक्टेयर कम है। कर्नाटक और महाराष्ट्र में बड़ी कमी के बावजूद राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश में बढ़ोतरी हुई। तिलहन का क्षेत्रफल 191.99 लाख हेक्टेयर रहा, जो 1.07 लाख हेक्टेयर कम है। राजस्थान और गुजरात में कमी प्रमुख रही, जबकि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बढ़ोतरी हुई।
गन्ने का क्षेत्रफल 58.47 लाख हेक्टेयर रहा, जो 0.40 लाख हेक्टेयर कम है। दूसरी ओर, जूट और मेस्ता का क्षेत्रफल 6.34 लाख हेक्टेयर रहा, जो 0.10 लाख हेक्टेयर अधिक है। बिहार और पश्चिम बंगाल में वृद्धि दर्ज हुई। कपास का क्षेत्रफल 109.17 लाख हेक्टेयर रहा, जो पिछले वर्ष से 0.69 लाख हेक्टेयर कम है। राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में कमी के मुकाबले तेलंगाना और गुजरात में रकबा बढ़ा है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

