home page

मुख्यमंत्री साय के प्रमुख सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह का फर्जी फेसबुक एकाउंट ,पैसों की मांग

 | 
मुख्यमंत्री साय के प्रमुख सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह का फर्जी फेसबुक एकाउंट ,पैसों की मांग


रायपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रमुख सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह के नाम पर फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस का साइबर सेल शिकायत के बाद मामले की जांच कर रहा है।

ठगों ने उनके नाम और तस्वीर का दुरुपयोग करके परिचितों से पैसों की मांग शुरू कर दी थी। इस मामले की जानकारी सामने आते ही पुलिस में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है और साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि शातिर ठग ने सोमवार को ही आईएएस सुबोध सिंह के नाम से फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाई और महज 2 घंटे के भीतर ही 58 लोगों को फ्रेंड बना लिया। फ्रेंड लिस्ट में शामिल करने के बाद ठग ने उनके परिचितों को मैसेंजर पर मैसेज भेजकर पैसों की मांग करना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही आईएएस सुबोध सिंह ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी फेसबुक अकाउंट किसने बनाया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। साथ ही पुलिस और साइबर विशेषज्ञ समय-समय पर लोगों से अपील करते रहे हैं कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति के नाम से पैसे मांगने वाले संदेश मिलने पर पहले उसकी पुष्टि करें। बिना सत्यापन के किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।

__________________

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा