जल शक्ति मंत्री पाटिल ने देशवासियों को दी विश्व जल दिवस की बधाई, हरियाणा में आज करेंगे जल शक्ति अभियान: कैच द रेन 2025 का श्रीगणेश

 | 
जल शक्ति मंत्री पाटिल ने देशवासियों को दी विश्व जल दिवस की बधाई, हरियाणा में आज करेंगे जल शक्ति अभियान: कैच द रेन 2025 का श्रीगणेश


नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने आज विश्व जल दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि आज हरियाणा के पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ 'जल शक्ति अभियान: कैच द रेन 2025' श्रीगणेश होगा।

केंद्रीयमंत्री पाटिल ने एक्स पर लिखा, ''जल-प्रकृति का अमूल्य वरदान-न केवल जीवन का आधार है, बल्कि हमारी संस्कृति, कृषि और भविष्य की समृद्धि का मूल स्रोत भी है। इसकी सतत उपलब्धता सुनिश्चित करना हम सभी की संयुक्त जिम्मेदारी है। आज हरियाणा के पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के साथ जल शक्ति अभियान: कैच द रेन 2025 का शुभारंभ होने जा रहा है।'' उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम है-जल संचय, जनभागीदारी: जन जागरूकता की ओर। पाटिल ने कहा कि यह सिर्फ एक थीम नहीं, जन-जन के जीवन से जुड़ा एक राष्ट्रीय आंदोलन भी है।

पंचकूला में होने वाले इस आयोजन की पूर्व संध्या पर भारत सरकार के पत्र एवं सूचना कार्यालय (पीआईबी) से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जल शक्ति मंत्रालय जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विश्व जल दिवस पर ‘जल शक्ति अभियान: कैच द रेन 2025 शुरू करेगा। केंद्र सरकार सामुदायिक भागीदारी और नवीन रणनीतियों के माध्यम से जल संरक्षण और प्रबंधन पर बल दे रही है। पंचकूला में होने वाला कार्यक्रम के माध्यम से देश के 148 जिलों में समुदाय के नेतृत्व में जल संरक्षण और स्थिरता को बढ़ावा दिया जाएगा। यह कार्यक्रम पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में होगा।

पीआईबी के अनुसार, इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर जल संरक्षण पर कलात्मक अभिव्यक्तियों को प्रदर्शित करने वाली एक पेंटिंग और मूर्तिकला प्रदर्शनी का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा नदियों, झरनों और जंगलों के बीच पारिस्थितिक संबंध को मजबूत करने वाले जल-जंगल-जन: एक प्राकृतिक बंधन अभियान का शुभारंभ होगा। वैज्ञानिक जल संसाधन प्रबंधन में सहायता करने वाली मुख्यमंत्री जल संचय योजना और हरियाणा के लिए जल संसाधन एटलस का ई-लॉन्च किया जाएगा। जल संरक्षण की दिशा में काम करने वाले गैर सरकारी संगठनों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद