केरल के पूर्व मुख्यमंत्री के घर ईडी की छापेमारी पर भाकपा ने किया विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) कार्यकर्ताओं ने बुधवार को दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के खिलाफ था।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्तांओं को बाद में पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शन में शामिल पार्टी नेता वृंदा करात ने कहा कि केरल के पोलित ब्यूरो सदस्य और विपक्ष के नेता कॉमरेड पिनाराई विजयन पर हुए लक्षित हमले के विरोध में माकपा महासचिव एमए बेबी के नेतृत्व में दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय तक किए गए शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। माकपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया।
उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार तड़के कथित धन संशोधन मामले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन के घर और 12 अन्य स्थानों पर छापेमारी की। यह छापेमारी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) मामले से जुड़ी है।
ईडी इस पूरे मामले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और उनकी बेटी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस मामले में 12 ठिकानों में छापेमारी की । यह कार्रवाई केरल उच्च न्यायालय के सीएमआऱएल मामले में ईडी की जांच को रद्द करने से इनकार करने के बाद आया। पूरा मामला यह है कि खर्चों की आड़ में सीएमआरएल से विभिन्न व्यक्तियों को पैसा भेजा गया।
यह कार्रवाई उनकी बेटी टी.वीणा की बंद कम्पनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशन को कथित तौर पर मासिक भुगतान से जुड़ी है। आरोप है कि 2017 से 2021 के बीच एक निजी माइनिंग कंपनी सीएमआरएल से कंपनी को बिना किसी ठोस सेवा के भारी मासिक भुगतान मिला।
इस मामले पर आम आदमी पार्टी (आआपा) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के खिलाफ ईडी की छापेमारी इस बात का परिणाम है कि केंद्र सरकार विपक्षी दलों को निशाना बनाने और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

