छत्तीसगढ़ के रायपुर और राजनांदगांव जिले में मिले कोरोना के मरीज
रायपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। रायपुर और राजनांदगांव जिले में कोरोना के एक-एक नए मरीज की पुष्टि हुई है। दोनों मरीजों का इलाज जारी है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेसिंग और सैंपलिंग शुरू कर दी है।
रायपुर में मिले संक्रमित मरीज का इलाज फिलहाल होम आइसोलेशन में चल रहा है, जबकि राजनांदगांव के मरीज का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग की टीमें दोनों संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर रही हैं और उनके परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रायपुर और राजनांदगांव में मिले दोनों मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। रायपुर के मरीज की चिकित्सकीय टीम की देखरेख में होम आइसोलेशन में रिकवरी हो रही है। दोनों संक्रमित मरीजों के क्लोज कॉन्टैक्ट्स और परिजनों के सैंपल लेकर लैब भेजे जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग इन रिपोर्ट्स का इंतजार कर रहा है ताकि संक्रमण के प्रसार (कम्युनिटी स्प्रेड) का पता लगाया जा सके। राज्य में पहले से ही स्वाइन फ्लू (एच1एन 1) का प्रकोप बना हुआ है और अब कोरोना के मामलों ने स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता और बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों मामलों में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक निगरानी रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों और चिकित्सा अधिकारियों ने आज इन मामलों की पुष्टि करते हुए लोगों से कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और तत्काल जांच कराने की अपील की है।
अधिकारियों ने कहा है कि घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है क्योंकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हालांकि, उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क का उपयोग करें, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें और सर्दी-खांसी या बुखार जैसे लक्षण दिखने पर इसे सामान्य फ्लू न मानकर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

