कांग्रेस कल सुप्रीम कोर्ट तक करेगी मार्च, मुख्य न्यायाधीश को सौंपेगी ज्ञापन
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस सोमवार को नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को ज्ञापन सौंपेगी। इसके लिए पार्टी सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को इसकी घोषणा की और सभी से उनके साथ जुड़ने की अपील की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से दिल्ली में युवा प्रदर्शन करने आए थे लेकिन उन्हें अपनी बात रखने नहीं दी गई। हमें इस तरह का भारत नहीं चाहिए। कल हम सभी सुप्रीम कोर्ट की तरफ मार्च करेंगे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और समुदायों से इसमें भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि उनकी ओर से देश के मुख्य न्यायाधीश को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा और उनसे मांग की जाएगी कि देश में वोट चोरी बंद हो, एसआईआर की प्रक्रिया पर रोक लगे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें।
राहुल ने कहा, “देश का युवा, तमाम विपक्षी दल, सिविल सोसाइटी और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले, भारत के संविधान के साथ खड़े सभी लोग हमारे साथ चलेंगे।”
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

