सतनाः कांग्रेस विधायक के बिगड़े बोल- सांड से की साधु-संत और महामंडलेश्वर की तुलना

 | 
सतनाः कांग्रेस विधायक के बिगड़े बोल- सांड से की साधु-संत और महामंडलेश्वर की तुलना


सतनाः कांग्रेस विधायक के बिगड़े बोल- सांड से की साधु-संत और महामंडलेश्वर की तुलना


सतना, 26 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के सतना जिले की अमरपाटन विधानसभा सीट से विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह का विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने बुधवार को सतना में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में साधु-संत और महामंडेश्वर की तुलना सांड से कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन्हें प्रचार करने के लिए जनता के बीच छोड़ दिया है और ये सांड दूसरों के खेत चर रहे हैं।

कांग्रेस विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने साधु-संत, संन्यासी, बाबा बैरागी और महामंडलेश्वरों को जनता के बीच छोड़ दिया। जाओ हिंदुत्व की बात करो, भाजपा का प्रचार करो, सनातन की बात करो। और ये सांड.. चर रहे हैं दूसरों का खेत। ये जो भारत की पहचान है, धर्म निरपेक्षता की, समाजवाद की। संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती, सब कुछ चरमरा रही है। बहुत बड़ी चुनौती. जिसे मंजिल समझ रहे हो जीतू भाई वो बसेरा है। मशाल जलाओ, अभी बहुत अंधेरा है।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मंच पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे।

कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज हम विपरीत परिस्थितियों में हिमालय के सामने खड़े हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी अब वो पार्टी नहीं रही। गोलवलकर जी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और उनके जो अधिष्ठाता थे, उन्होंने जो बीज बोया था, हिंदू राष्ट्र बनाने का, धर्म के नाम पर भारत की पहचान बनाने का। वह बीज आज पनपकर पौधा बन गया है और वृक्ष बन रहा है। उस विचार धारा को बढ़ाने के लिए वे निरंतर वे प्रयास करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि संयोग ऐसा कि राम मंदिर आ गया, महाकुंभ आ गया। कितना प्रचार हुआ, मैंने तो गणित लगाया। 10-12 करोड़ से ज्यादा लोग नहीं गए। मैं विज्ञान का विद्यार्थी रहा हूं, इंजीनियर हूं। 60 करोड़ लोग, वाट्सएप यूनिवर्सिटी ने लोगों के दिमाग में भर दिया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से कहा कि जिसे मंजिल समझ रहे हो जीतू भाई वो बसेरा है। मशाल जलाओ, अभी बहुत अंधेरा है।

प्याज के छिलके निकालने से कुछ नहीं होगाः पटवारी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पीछे की बातें भूलो। प्याज के छिलके निकालने से कुछ नहीं होगा। अब संगठन में परिवर्तन की जरूरत है। तेरा-मेरा मत देखना। ईमानदार और हक वाले को पद देना है। अभी कोई चुनाव नहीं है, यह संगठन की बात है। उन्होंने संगठन में बदलाव का ऐलान करते हुए कहा कि तीन साल से जमे ब्लॉक अध्यक्षों को बदला जाएगा और अच्छा काम करने वालों को ऊपर लाया जाएगा। आज एक साथ चलने की जरूरत है।

छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर चल रही सीबीआई की छापेमारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में 4000 से ज्यादा छापे पड़े हैं, लेकिन सिर्फ 2 लोगों को सजा हुई है। भाजपा के लोगों पर छापे नहीं पड़ते, सिर्फ विपक्ष को निशाना बनाया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर