home page

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर भूपेश बघेल ने कहा-गुड्डे‑गुड़ियों का खेल नहीं

 | 
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर भूपेश बघेल ने कहा-गुड्डे‑गुड़ियों का खेल नहीं


नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने राज्य में चन्नी गुट और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के गुटों के खींचतान के बीच चल रही नेतृत्व परिवर्तन की खबरों को नकार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे नेतृत्व परिवर्तन आसान नहीं है।

पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने प्रदेश के हालिया घटनाक्रम पर अपनी रिपोर्ट संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को सौंप दी है और अब आगे का फैसला पार्टी आलाकमान करेगा। उन्होंने छह दिवसीय दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठकों में हिस्सा लिया और नेताओं से व्यक्तिगत स्तर पर भी चर्चा की। रिपोर्ट की विषयवस्तु सार्वजनिक नहीं की जाएगी। उन्होंने पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर कहा कि यह ‘गुड्डे‑गुड़ियों का खेल’ नहीं है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी वेणुगोपाल से मुलाकात की। वहीं, कांग्रेस नेतृत्व ने 01 जुलाई को अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए रखने का फैसला किया था और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति का प्रमुख नियुक्त किया था। इस फैसले से नाराज चन्नी गुट और कई वरिष्ठ नेताओं ने नेतृत्व परिवर्तन की मांग की थी।

बघेल ने चंडीगढ़ दौरे के दौरान चन्नी समेत नाराज और असंतुष्ट नेताओं से मुलाकात कर अपनी रिपोर्ट आलाकमान को सौंप दी है। हालांकि, जिस तरह वरिष्ठ नेताओं का बड़ा तबका वडिंग के खिलाफ है, उससे माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व विकल्पों पर विचार कर रहा है। इसी बीच राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। वेणुगोपाल ने पंजाब में विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा से भी बातचीत की।

इस बीच कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह 16 जुलाई को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर बैठक करेगा। इसमें संसद के आगामी मॉनसून सत्र के लिए पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस बैठक पंजाब कांग्रेस के नेतृत्व विवाद पर भी चर्चा हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर