home page

शिक्षक भर्ती को लेकर राहुल गांधी ने मप्र के मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, आंदोलनकारियों के नोटिस वापस लेने की मांग

 | 
शिक्षक भर्ती को लेकर राहुल गांधी ने मप्र के मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, आंदोलनकारियों के नोटिस वापस लेने की मांग


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने भर्ती में पदवृद्धि के साथ आंदोलन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को जारी नोटिस तत्काल वापस लेने, उनके प्रतिनिधियों से संवाद करने और दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू कराने का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के शिक्षक अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में पदवृद्धि का मुद्दा प्रमुखता से उनके सामने उठाया था। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद रिक्त हैं। शिक्षकों की कमी का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ रहा है। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 के तहत वर्ग-3 में केवल 13,089 और वर्ग-2 में 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है।

राहुल ने कहा कि प्रदेश के युवा अभ्यर्थियों की मांग है कि शिक्षक भर्ती में रिक्तियों के अनुरूप पदों की संख्या बढ़ाई जाए। इससे सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी और हजारों योग्य युवाओं को नियमित सरकारी रोजगार का अवसर मिलेगा। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने चयन परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए हैं। इनमें कई ऐसे अभ्यर्थी भी हैं, जो लंबे समय से अतिथि शिक्षक के तौर पर सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं और नियमित नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भर्ती में पदों की संख्या सीमित रहने से चयन परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कई अभ्यर्थी भी नियुक्ति से वंचित रह गए हैं। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया और नियुक्ति का इंतजार कर रहे कुछ अभ्यर्थी अब निर्धारित आयु सीमा के करीब पहुंच रहे हैं। ऐसे में पदों की संख्या बढ़ाना उनके लिए रोजगार के अवसर को बनाए रखने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। राहुल ने मुख्यमंत्री से अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया।

राहुल गांधी ने पत्र में वर्ग-2 एवं वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने के साथ दूसरे चरण की काउंसलिंग भी शीघ्र शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो परीक्षा में सफल होने के बाद नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। साथ ही इससे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि शिक्षक भर्ती वर्ग-2 एवं वर्ग-3 के अभ्यर्थियों ने इससे पहले प्रदेश संयोजक दीप्ति ठाकुर के नेतृत्व में राहुल गांधी को विस्तृत मांग-पत्र भेजा था। इसमें अभ्यर्थियों ने शिक्षा विभाग में स्वीकृत पदों की संख्या और मौजूदा भर्ती के बीच अंतर का मुद्दा उठाया था। अभ्यर्थियों का दावा है कि शिक्षा विभाग में 1.15 लाख से अधिक पद स्वीकृत होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया में अपेक्षाकृत कम पद शामिल किए गए हैं। अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर भोपाल में लंबे समय से क्रमिक आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में वर्ग-2 के प्रत्येक विषय में 3,000 पदों की वृद्धि तथा वर्ग-3 में कुल पदों की संख्या बढ़ाकर 25,000 करना शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर