कांग्रेस ने छात्रों पर कार्रवाई को लेकर की अमित शाह से जवाब की मांग, राहुल बोले- पहले बताएं गोली चलाने की अनुमति किसने दी?
नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं के खिलाफ दिल्ली में हुई कथित कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से संसद में जवाब देने की मांग की। राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मांग है कि गृह मंत्री पहले यह बताएं कि दिल्ली में छात्रों पर गोली चलाने की अनुमति किसने दी?, या उन्हें इसकी जानकारी थी या नहीं थी। इसके बाद ही आगे कुछ ही संभव है।
कांग्रेस के नए मुख्यालय में सोमवार को पत्रकार वार्ता में खरगे ने कहा कि दिल्ली में छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए तथा पैलेट गन और इलेक्ट्रिक शॉक बैटन का इस्तेमाल किया गया। विपक्ष लगातार इस मुद्दे को संसद में उठा रहा है, लेकिन गृह मंत्री ने अब तक इस पर जवाब नहीं दिया है।
खरगे ने सरकार से तीन मांगें की। पहली, गृह मंत्री अमित शाह छात्रों और युवाओं के खिलाफ हुई कार्रवाई पर संसद में जवाब दें। सरकार को यह बताना चाहिए कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ इस तरह की कार्रवाई क्यों हुई।
उन्होंने दूसरी मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुने हुए लोगों ने राम मंदिर ट्रस्ट में 'चढ़ावा चोरी' की है। प्रधानमंत्री को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
खरगे ने तीसरी मांग की कि राम मंदिर करोड़ों भारतीयों की आस्था से जुड़ा है और इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए छात्रों पर कार्रवाई और राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर हुई कार्रवाई के मामले में उनकी मुख्य मांग यह है कि गृह मंत्री अमित शाह संसद में स्पष्ट करें कि दिल्ली में छात्रों पर गोली चलाने की अनुमति किसने दी। गृहमंत्री अमित शाह को यह बताना चाहिए कि उन्होंने कार्रवाई का आदेश दिया था या उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छात्रों के साथ हुई घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।
उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर सरकार से स्पष्ट जवाब मिलने के बाद ही आगे की चर्चा का रास्ता साफ होगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पिछले 15 दिनों से प्रधानमंत्री और गृह मंत्री संसद में इस मुद्दे पर विपक्ष का सामना करने से बच रहे हैं।
राहुल गांधी ने झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार है और समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए। उन्होंने झारखंड सरकार से छात्रों की बात सुनने और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

