भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए हीरा ठाकुर
नई दिल्ली, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सदस्य, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं कर्पूरी ठाकुर विचार मंच के अध्यक्ष हीरा ठाकुर सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने जातिगत जनगणना के मुद्दे पर पिछड़े वर्गों के साथ अन्याय का आरोप लगाते हुए भाजपा छोड़ने का फैसला किया।
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, एआईसीसी ओबीसी विभाग के अध्यक्ष अनिल जयहिंद, सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर समेत कई नेता मौजूद रहे। इस दौरान हीरा ठाकुर को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
हीरा ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा का एक भी नेता सच नहीं बोल रहा है। जननायक कर्पूरी ठाकुर देश के पहले ऐसे नेताओं में थे जिन्होंने बिहार में पिछड़े वर्गों को आरक्षण दिया, लेकिन पिछड़ों की बड़ी आबादी अब भी अपने अधिकारों से वंचित है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने जातिगत जनगणना के मुद्दे को मजबूती से उठाया और इसके लिए बड़ी लड़ाई लड़ी। ठाकुर ने आरोप लगाया कि जब जनगणना का एजेंडा सामने आया तो उसमें पिछड़ी जातियों के साथ धोखा किया गया।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार केवल चुनिंदा पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को बेचा गया, युवाओं से रोजगार के अवसर छीने गए और शिक्षा को महंगा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इन मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
सीतापुर के सांसद राकेश राठौर ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, संविधान और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। हीरा ठाकुर जैसे नेता के कांग्रेस में आने से पिछड़े और अतिपिछड़े समाज की आवाज को और मजबूती मिलेगी।
एआईसीसी ओबीसी विभाग के अध्यक्ष अनिल जयहिंद ने कहा कि हीरा ठाकुर वर्षों से अतिपिछड़े समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

