कांग्रेस हैदराबाद में 13-14 नवंबर को करेगी भारत समिट, 70 देशों के प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा
नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस 13 एवं 14 नवंबर को हैदराबाद में भारत समिट आयोजित करेगी। इसमें 70 देशों के करीब एक हजार प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनमें नीति निर्माता और दुनिया के विभिन्न देशों के प्रगतिशील आंदोलनों से जुड़े प्रमुख नेता शामिल होंगे। समिट में नए वैश्विक व्यवस्था, भू-राजनीतिक बदलाव, जलवायु परिवर्तन, मीडिया की भूमिका और सूचना की विश्वसनीयता सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।
पूर्व विदेश मंत्री, कांग्रेस के विदेश विभाग के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने मंगलवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि यह समिट दो महत्वपूर्ण अवसरों के साथ आयोजित हो रही है। इनमें पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती और भारत की आजादी के 80 वर्ष पूरे होना शामिल है। उन्होंने कहा कि नेहरू की सोच आज भी कांग्रेस की विदेश नीति और उसके दृष्टिकोण के लिए प्रेरणा है। समिट का उद्देश्य राहुल गांधी की भारत और दुनिया के भविष्य तथा नई वैश्विक व्यवस्था की परिकल्पना पर विचार करना है। इसमें 12 अंतरराष्ट्रीय सत्र और तेलंगाना पर केंद्रित आठ सत्र होंगे।
तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार, उद्योग एवं वाणिज्य तथा विधायी मामलों के मंत्री श्रीधर बाबू दुड्डिल्ला ने कहा कि विभिन्न देशों से आने वाले प्रतिनिधियों के विचार-विमर्श से तेलंगाना के शासन और जनता को लाभ मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय सत्र हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एचआईसीसी) में होंगे, जबकि तेलंगाना से जुड़े सत्र हाइटेक्स में आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में फ्यूचर सिटी और शहरीकरण, आर्थिक एवं सामाजिक न्याय, कल्याणकारी नीतियों, सहकारी संघवाद, संस्कृति, युवा और खेल तथा चुनावी निष्पक्षता जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
श्रीधर बाबू ने कहा कि भारत समिट में शामिल होने वाले भागीदारों को दिसंबर में होने वाले इन्वेस्ट तेलंगाना ग्लोबल समिट 2026 में भी आमंत्रित किया जाएगा। यह आयोजन 7 से 9 दिसंबर तक होगा। इसमें संभावित निवेश के अवसरों पर चर्चा की जाएगी।
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोम्मा महेश कुमार गौड़ ने कहा कि तेलंगाना में दूसरी बार इतने बड़े स्तर का आयोजन हो रहा है। करीब 70 देशों के प्रगतिशील विचारक इसमें हिस्सा लेंगे। उन्होंने इसे राज्य के लिए गर्व का अवसर बताया।
कांग्रेस महासचिव गुरदीप सिंह सप्पल ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में भारत सहित पूरी दुनिया में नफरत और विभाजन की राजनीति बढ़ी है। इससे जनता को नुकसान हुआ है। दुनिया की प्रगतिशील और उदारवादी पार्टियां भी इस चुनौती को समझ रही हैं। कांग्रेस ने ऐसी राजनीति के खिलाफ दुनिया की पार्टियों को एकजुट करने की पहल की है। पिछले साल भी हैदराबाद में भारत समिट आयोजित किया गया था।
उन्होंने कहा कि आज सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की बड़ी कंपनियां दुनिया की राजनीति को प्रभावित कर रही हैं और राजनीतिक प्रक्रिया पर कंपनियों का प्रभाव बढ़ रहा है। ऐसे में राजनीतिक दलों के लिए विचार-विमर्श और बौद्धिक चर्चा जरूरी है, ताकि समाज और राजनीति से जुड़े लोग इन चुनौतियों का व्यावहारिक समाधान खोज सकें। राहुल गांधी के बर्लिन दौरे के दौरान दुनिया की प्रगतिशील पार्टियों के लोगों को शामिल कर एक थिंक टैंक बनाने का विचार सामने आया था। इसकी शुरुआत हैदराबाद के भारत समिट से होगी, जिसमें 70 थिंक टैंक शामिल होंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

