home page

कांग्रेस ने संगठन में किया बड़ा फेरबदल, बीवी श्रीनिवास बने कांग्रेस सेवा दल के मुख्य संगठक

 | 
कांग्रेस ने संगठन में किया बड़ा फेरबदल, बीवी श्रीनिवास बने कांग्रेस सेवा दल के मुख्य संगठक


- फिल्म अभिनेता एवं नेता संजय दत्त हरियाणा के प्रभारी नियुक्त- कांंग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम को मिली उत्तर प्रदेश की कमाननई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने वरीष्ठ नेता बीवी श्रीनिवास को सेवा दल का नया मुख्य संगठक नियुक्त किया है, जबकि लालजी देसाई को ओडिशा, फिल्म अभिनेता एवं नेता संजय दत्त को हरियाणा तथा दिल्ली के पूर्व एवं वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का नया पार्टी प्रभारी बनाया है।

कांग्रेस महासचिव(संगठन) केसी वेणुगोपाल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निर्देश पर ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से जारी की गई हैं। संगठनात्मक बदलाव के तहत भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास को सेवा दल की कमान सौंपी गई है। वह लालजी देसाई का स्थान लेंगे। पार्टी ने सेवा दल के निवर्तमान मुख्य संगठक लालजी देसाई को इस जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए संगठन में उनके योगदान की सराहना की है।

राज्यों के प्रभारियों की सूची में लालजी देसाई को अब ओडिशा राज्य का कांग्रेस प्रभारी नियुक्त कर नई जिम्मेदारी दी गई है। संजय दत्त को हरियाणा और राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का नया कांग्रेस प्रभारी बनाया गया है।

पार्टी ने संगठन को नए सिरे से चुस्त-दुरुस्त करने के लिए तीन निवर्तमान प्रभारियों को कार्यमुक्त भी किया है। इसके तहत अविनाश पांडे, बीके हरिप्रसाद और अजय कुमार लल्लू को उनकी वर्तमान सांगठनिक जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर