home page

एनएसयूआई में चुनाव बहाली और एजुकेशन चार्टर की घोषणा

 | 
एनएसयूआई में चुनाव बहाली और एजुकेशन चार्टर की घोषणा


नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस ने सोमवार को एनएसयूआई चुनावों की बहाली की घोषणा की। राज्यवार सदस्यता अभियान से इसकी शुरुआत होगी और तकनीक आधारित पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए कॉलेज से लेकर राज्य स्तर तक संगठनात्मक चुनाव कराए जाएंगे।

कांग्रेस नेता और एनएसयूआई दिल्ली प्रभारी कन्हैया कुमार, एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की किरण मुगाबसव और कांग्रेस के डिजिटल विभाग के राष्ट्रीय संयोजक के.के. शास्त्री ने सोमवार को संयु्क्त पत्रकार वार्ता कर इसकी घोषणा की। कन्हैया कुमार ने कहा कि नीट पर्चा लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए और पेपर लीक माफिया से उनके कथित संबंधों की जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश की शिक्षा व्यवस्था को ‘आईसीयू’ में पहुंचा दिया है। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देशभर के छात्रों से मिल रहे हैं और उनकी बात सुन रहे हैं ताकि शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन लाया जा सके।

कन्हैया कुमार ने कहा कि कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और पेपर लीक माफिया से उनके संबंधों की जांच, शिक्षा व्यवस्था में बदलाव जिसके लिए यूपीए सरकार ने कमेटी बनाई थी लेकिन एनडीए सरकार ने मनमाने तरीके से एनटीए का गठन कर दिया और युवाओं के लिए नियमित जॉब कैलेंडर तथा परीक्षा भर्ती प्रक्रियाओं के लिए एक अकादमिक कैलेंडर जारी किया जाए। इसी उद्देश्य से राहुल गांधी ने कोटा में छात्रों और अभिभावकों के बीच एक प्रजेंटेशन दिया था और अब इस मुहिम को देश के अलग‑अलग हिस्सों में आगे बढ़ाया जा रहा है। छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के सुझावों को संकलित कर कांग्रेस आने वाले दिनों में एक एजुकेशन चार्टर पेश करेगी।

एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था बदहाल है और शैक्षणिक संस्थाओं को बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि साजिश के तहत पूरे देश में छात्रसंघ चुनाव बंद कर दिए गए हैं । दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति का लगातार हो रहा एक्सटेंशन बड़ा सवाल खड़ा करता है। एनएसयूआई ने संगठनात्मक चुनाव की शुरुआत की है और हर कैंपस में चुनाव के माध्यम से अपनी यूनिट बनाएगी ताकि छात्रों को आवाज उठाने का मौका मिल सके।

पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की किरण मुगाबसव ने कहा कि एनएसयूआई चुनावों को पूरे देश में बहाल किया जा रहा है। कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो अपने संगठन में लोकतांत्रिक चुनाव कराती है। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया राज्यवार घोषित की जाएगी। पहले चरण में सदस्यता अभियान चलेगा, जिसमें 16 से 27 वर्ष आयु के छात्र आवेदन कर सकेंगे। कॉलेज आईडी और आधार कार्ड अनिवार्य होगा। सदस्यता शुल्क तीन साल के लिए 45 रुपये रखा गया है। कॉलेज कमेटी के गठन के बाद चुने गए प्रतिनिधि जिला और राज्य स्तर पर चुनाव करेंगे।

कांग्रेस के डिजिटल विभाग के राष्ट्रीय संयोजक केके शास्त्री ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने 30 अप्रैल को एनएसयूआई में आंतरिक चुनाव कराने के लिए केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण का गठन किया है। चुनाव मॉड्यूल इस तरह बनाया गया है कि यह सभी के लिए खुला, सरल और पारदर्शी हो। दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले कॉलेज और यूनिवर्सिटी प्रेसिडेंट का चुनाव और कमेटी का गठन, फिर जिला और राज्य स्तर पर चुनाव। उन्होंने कहा कि चुनाव और स्क्रूटनी अच्छे से होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर