home page

मप्र के 10.54 लाख किसानों के खातों में जारी की गई 1460 करोड़ 25 लाख रुपये की फसल बीमा राशि

 | 
मप्र के 10.54 लाख किसानों के खातों में जारी की गई 1460 करोड़ 25 लाख रुपये की फसल बीमा राशि


राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ है : मोहन यादव

भोपाल, 19 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों के हितों की रक्षा के लिए विशेष रूप से संवेदनशील हैं। प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल हानि होने पर कृषकों को सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को भोपाल के पास स्थित जगदीशपुर में मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद प्रदेश के 10 लाख 54 हजार किसानों के खातों में सिंगल क्लिक से 1460 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि अंतरित की। यह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2025 के फसल बीमा की दावा राशि है।

किसान भाई निर्धारित तिथि से पहले फसलों का करायें बीमा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस बार अल-नीनो प्रभाव के कारण अच्छे मानसून का अनुमान नहीं है। ऐसी स्थिति में किसान अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा, निर्धारित तिथि से पहले करवा लें। इससे उपज में हानि होने की स्थिति में किसानों को वित्तीय सहायता प्राप्त हो सकेगी। राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में प्रदेश में किसान हित में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेश में बलराम कृषि महोत्सव जारी है, जिसमें किसानों को जैविक कृषि, खेती में अत्याधुनिक मशीनों के इस्तेमाल, फसल विविधीकरण, कीटनाशकों के कम से कम उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

किसानों को 2016 से 2025 तक 30 हजार 942 करोड़ रुपये का हुआ भुगतान

किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि प्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत वर्ष 2016-17 से वर्ष 2024-25 तक 30 हजार 942 करोड़ 34 लाख रुपये का भुगतान प्रभावित किसानों को किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत