home page

सूरत में ₹125 करोड़ की लागत से बनेगा इस्कॉन वराछा मंदिर,मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया शिलाओं का पूजन

 | 
सूरत में ₹125 करोड़ की लागत से बनेगा इस्कॉन वराछा मंदिर,मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया शिलाओं का पूजन


सूरत, 25 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात के सूरत जिले के कोसमाडा में लगभग ₹125 करोड़ की अनुमानित लागत से बनने वाले इस्कॉन वराछा मंदिर का शिलान्यास समारोह मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर की शिलाओं का पूजन किया और नरसिंह यज्ञ में आहुति देकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। समारोह में मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं का सम्मान भी किया गया।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ के विजन के अनुरूप विकास के साथ देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखना आवश्यक है। राम मंदिर के निर्माण सहित देश की धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के प्रयास इसी दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

श्रीमद्भगवद्गीता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता के 18 अध्याय जीवन की समस्याओं और चुनौतियों के बीच सही मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। अर्जुन के विषाद से लेकर मोक्ष और संन्यास के संदेश तक, गीता मनुष्य को निराशा से आत्मविश्वास तथा निष्क्रियता से कर्तव्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देती है। इसके सिद्धांत परिवार को मजबूत बनाने, समाज में सद्भाव बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण को नैतिक आधार देने में सहायक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भक्ति को केवल पूजा-पाठ तक सीमित न रखकर मानव सेवा से जोड़ना चाहिए। युवाओं को नशे से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण के कार्यों में उनकी ऊर्जा का उपयोग करना भी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस्कॉन वराछा मंदिर भविष्य में आध्यात्मिक ज्ञान, युवा सशक्तीकरण, सांस्कृतिक जागरूकता और मानव सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।समारोह में कृषि मंत्री जीतूभाई वाघाणी, स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्लभाई पानशेरिया, राज्यसभा सांसद गोविंदभाई धोलकिया सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक अग्रणी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले दानदाताओं तथा एशिया स्तर पर आयोजित श्रीमद्भगवद्गीता परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे