home page

सीजेपी की प्रेसवार्ता के लिए सिफारिशी पत्र लिखने पर मनोज झा ने दी सफाई

 | 

नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में कथित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के कार्यक्रम के लिए सिफारिशी पत्र लिखे जाने को लेकर उठे विवाद पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि वे भविष्य में इस तरह की सिफारिशें देते समय विशेष ध्यान रखेंगे।

उन्होंने कहा कि यह पत्र केवल एक कार्यक्रम के आयोजन और प्रेस वार्ता के लिए स्थान उपलब्ध कराने के अनुरोध के आधार पर जारी किया गया था तथा उन्हें उस आयोजन की वास्तविक प्रकृति की जानकारी बाद में मिली। झा ने स्पष्ट किया कि संबंधित पत्र किसी संगठन या उसकी विचारधारा के समर्थन के लिए नहीं था बल्कि केवल स्थान उपलब्ध कराने संबंधी अनुरोध पर आधारित था।

मनोज झा ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से परिचित एक पत्रकार और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुछ वरिष्ठ सहयोगियों ने उनसे संपर्क कर कार्यक्रम आयोजित करने में सहायता मांगी थी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक जीवन में उन्हें इस प्रकार के अनुरोध नियमित रूप से मिलते रहते हैं। पत्रकारों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न वर्गों के लोगों के लिए वह पहले भी सिफारिशी पत्र देते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह अनुरोध आया तब वह अपने पिता के साथ अस्पताल में थे और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पत्र जारी कर दिया गया। कार्यक्रम से जुड़े दृश्य देखने के बाद ही उन्हें आयोजन के बारे में अधिक जानकारी मिली।

इसी बीच कल के बाद आज एक बार फिर कथित सीजेपी की ओर से पत्रकार वार्ता की गई। इसमें इसके प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सफाई दी और कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी ने कानून और व्यवस्था के अनुरूप ‘शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक’ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है और हम सभी से हिंसा से दूर रहने की अपील करती है।

उल्लेखनीय है कि ऑनलाइन कैंपेन के तौर पर उभरी सीजेपी 6 जून को जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को हटाए जाने की मांग लेकर प्रदर्शन करने की योजना बना रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा