home page

सीजेपी नेता दीपके की 16 अक्टूबर को सीपी के सेंट्रल पार्क में इकट्ठा होने की अपील

 | 
सीजेपी नेता दीपके की 16 अक्टूबर को सीपी के सेंट्रल पार्क में इकट्ठा होने की अपील


नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दीपके ने लोगों से 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में शाम को इकट्ठा होने और साथ में तिरंगा लाने की अपील की है। उनका यह बयान सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद आया है। सीजेपी का आरोप है कि दोनों को जंतर मंतर में तिरंगा लहराने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया है।

दीपके आज सुबह दिल्ली पहुंचे और शाम को उन्होंने सोशल मीडिया में एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से यह अपील की। उन्होंने कहा कि उनके साथियों को तिरंगा लहराने के लिए गिरफ्तार किया गया है। हम सबको तिरंगा लेकर वहां पहुंचना चाहिए और सरकार को यह दिखाना चाहिए की तिरंगा लहराना कोई जुर्म नहीं है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई है कि उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि सीजेपी नेताओं को कल जंतर-मंतर से हिरासत में लिया गया था। आरोप लगाया गया है कि उन्होंने जमानत अनुबंध का अनुपालन नहीं करते हुए गैर-अधिसूचित जंतर-मंतर क्षेत्र में प्रदर्शन करने की कोशिश की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा