लश्कर-ए-तैयबा मॉड्यूल पर सीआईके ने की कश्मीर भर में 10 ठिकानों पर छापेमारी
श्रीनगर, 26 मार्च (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) ने गुरुवार को कश्मीर भर में कई स्थानों पर छापेमारी की। यह छापेमारी एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल की चल रही जांच के तहत की गई।
एक अधिकारी ने बताया कि तीन जिलों में 10 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जिनमें से छह गांदरबल में, तीन शोपियां में और एक श्रीनगर में है। उन्होंने बताया कि यह जांच लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के कश्मीरी मूल निवासी शब्बीर अहमद लोन के निर्देशित आतंकी मॉड्यूल से संबंधित है, जो वर्तमान में बांग्लादेश में है।
अधिकारियों ने बताया कि गांदरबल जिले के कंगन इलाके का निवासी लोन विदेश से काम कर रहा है। अधिकारी ने कहा कि इस मामले का संबंध एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से है और मॉड्यूल को बांग्लादेश और पाकिस्तान में स्थित एलईटी संचालकों से निर्देश मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह तलाशी सक्षम न्यायालय से जारी तलाशी वारंट के आधार पर की जा रही है, जो हाल ही में पुलिस स्टेशन सीआईके में दर्ज एक नए आतंकी मामले की जांच से संबंधित है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

