मोहन यादव ने बरगी डैम हादसे की जांच के दिए निर्देश, हादसे में लोगों को बचाने वाले होंगे सम्मानित
- मुख्यमंत्री ने बरगी क्रूज दुर्घटना पर किया दु:ख व्यक्त, नागरिकों से बोटिंग के समय लाइफ जैकेट पहनने का किया आह्वानभोपाल, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के बरगी डैम हादसे की जांच के निर्देश देने के साथ ही हादसे में लोगों को बचाने वालों को सम्मानित करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि मौसमी चक्रवात के कारण यह दु:खद घटना हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इसकी सूचना मिलते ही लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, प्रमुख सचिव श्री संजय दुबे, एडीजी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित स्थानीय प्रशासन के अधिकारी राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता के साथ जुट गए। हमारे राहत और बचाव दल ने लगभग 29 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है, रेस्क्यू जारी है, अब तक 9 शव बरगी डैम से बाहर निकाले गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को मीडिया प्रतिनिधियों से लोक भवन के बाहर बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्रूज दुर्घटना अत्यंत दु:खद है, राज्य सरकार ने हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। ऐसी दुर्घटना से मन दु:खी है। सभी नागरिकों को बोटिंग के दौरान लाइफ सेविंग जैकेट अवश्य पहननी चाहिए, जिन्होंने लाइफ जैकेट का इस्तेमाल किया, वे सुरक्षित रहे। भविष्य में इस प्रकार के हादसे न हो, इसके लिए पर्यटन विभाग जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजन के प्रति हमारी पूरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू टीम ने बहादुरी के साथ अपनी जान की परवाह किए बगैर कई लोगों को सुरक्षित बचाया है। जिन व्यक्तियों ने तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य में हिस्सा लिया, उन सभी बहादुर नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त पर सम्मानिेत किया जाएगा।
गौरतलब है कि गुरुवार शाम को अचानक मौसम बिगड़ा और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटकों से भरा एक क्रूज खमरिया टापू के पास संतुलन बिगड़ने से डूब गया। घटना में शुक्रवार सुबह तक नौ मिले हैं, जबकि 29 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक नौ से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

