home page

ओम बिरला, अमित शाह व अन्य ने छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती पर उन्हें नमन किया

 | 
ओम बिरला, अमित शाह व अन्य ने छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती पर उन्हें नमन किया


नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृहमंत्री अमित शाह सहित कई प्रमुख नेताओं ने गुरुवार को छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती पर एक्स के माध्यम से उन्हें नमन किया। बिरला ने लिखा, '' छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! विपरीत परिस्थितियों में भी स्वराज, संस्कृति और राष्ट्रधर्म की रक्षा के लिए छत्रपति ने जिस अद्वितीय पराक्रम और दृढ़ता का परिचय दिया। वह भारतीय इतिहास में अमर है। उन्होंने अन्याय और आक्रांताओं के सामने कभी समझौता नहीं किया तथा असहनीय यातनाएं सहकर भी अपने सिद्धांतों और विचारों के प्रति अटल रहे। संभाजी महाराज का बलिदान और उनका गौरवशाली जीवन युगों-युगों तक राष्ट्रप्रेम और साहस की प्रेरणा देता रहेगा।''

अमित शाह ने लिखा, ''बाल्यकाल से ही राष्ट्रप्रेम, धर्मरक्षा और हिन्दवी स्वराज के संस्कारों को आत्मसात करने वाले छत्रपति संभाजी महाराज जी ने अनेक रणनीतिक क्षेत्रों को मुगलों के कब्जे से मुक्त कराया तथा अनगिनत युद्धों में मुगल सेना को परास्त किया। धर्मांतरण को रोकने के लिए आजीवन कटिबद्ध छत्रपति संभाजी महाराज जी ने स्वधर्म, स्वभाषा और स्वराज की मशाल कभी बुझने नहीं दी और उसके लिए अपने प्राणों की आहुति तक दे दी।''

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, '' वीरता और पराक्रम के प्रतीक स्वराज्य रक्षक धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज को उनकी जयंती (तिथि के अनुसार) पर कोटि-कोटि नमन।'' कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि छत्रपति स्वधर्म और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले महान मराठा योद्धा थे। संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि अपने पिता छत्रपति शिवाजी महाराज के ‘हिंदवी स्वराज’ के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा मराठा साम्राज्य और धर्म की रक्षा हेतु उनका अदम्य साहस, त्याग और बलिदान भारतीय इतिहास की अमर प्रेरणा है। उनका वीरतापूर्ण जीवन हम सभी को राष्ट्र की गौरवशाली अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सदैव ही प्रेरित करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी