चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर इंडिगो की फ्लाइट में पावर बैंक फटा, पांच यात्री चोटिल
चंडीगढ़, 05 मई (हि.स.)। हैदराबाद से चंडीगढ़ आई इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार को चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर पावर बैंक फट गया। यह घटना उस समय हुई, जब फ्लाइट एयरपोर्ट पर खड़ी थी। इस घटना में पांच यात्री चोटिल हो गए। इस स्थिति को देखते हुए फ्लाइट स्टाफ ने इमरजेंसी डोर खोले और यात्रियों को बाहर निकाला। पूरे जहाज को खाली करके जांच की गई।
दोपहर बाद हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री का पावर बैंक फट गया। इंडिगो स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी और आपात स्वीकृति के साथ विमान खाली कराया गया। ग्राउंड टीमें भी मौके पर पहुंचीं और यात्रियों की सुरक्षा को यकीनी बनाया गया।
बताया गया कि इंडिगो की फ्लाइट 6ई -108 करीब 3:29 बजे चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरी। विमान में 198 यात्री, दो बच्चे और छह क्रू मेंबर सवार थे। लैंडिंग के बाद जब विमान वे नंबर-1 की ओर बढ़ रहा था, तभी सीट 39 सी पर बैठे यात्री ने क्रू को अपने पावर बैंक में आग लगने की जानकारी दी। आशंका जताई गई कि पावर बैंक फट गया था।
कैबिन क्रू ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन विमान के अंदर धुआं फैल गया। एहतियात के तौर पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किए गए। बताया गया कि करीब 3:35 बजे क्रू मेंबर ने इमरजेंसी एग्जिट खोला और यात्रियों को स्लाइड्स के जरिए बाहर निकाला गया। इस बीच एयरफोर्स की फायर टेंडर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ चुकी थी। हवाई अड्डा प्रबंधकों के अनुसार कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य होने पर घर भेज दिया गया है। एयरपोर्ट सीईओ अजय वर्मा ने कहा कि संबंधित एयरलाइन से एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

