home page

छत्तीसगढ़ में 1.50 करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्ज्वलित

 | 
छत्तीसगढ़ में 1.50 करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्ज्वलित


- सेवा संकल्प अभियान के तहत जनभागीदारी से गूंजा सेवा, सुशासन और संकल्प का संदेश

रायपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए छत्तीसगढ़ में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान प्रदेशभर में नागरिकों ने 1.50 करोड़ से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में मंदिरों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मैदानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कई स्थानों पर दीपों से विभिन्न आकृतियां और संदेश भी बनाए गए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और सेवा भावना के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल