बस्तर संभाग के जगदलपुर में स्थित बोधघाट छत्तीसगढ़ राज्य का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित
रायपुर/जगदलपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्रालय की वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बस्तर संभाग के जगदलपुर स्थित बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ राज्य का सर्वश्रेष्ठ (नंबर-1) पुलिस थाना घोषित किया गया। यह बस्तर क्षेत्र के इतिहास में पहली बार है जब किसी पुलिस थाने को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है।
बोधघाट थाने को छत्तीसगढ़ के सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने के राष्ट्रीय सम्मान से 8 जुलाई 2026 को पुरस्कृत किया गया है। बस्तर संभाग के तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज तथा वर्तमान आईजी बद्रीनारायण मीना ने संयुक्त रूप से यह सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान समारोह बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित हुआ, जहां बोधघाट थाना स्थित है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम से जारी यह विशिष्ट राष्ट्रीय प्रशस्ति-पत्र और सम्मान तत्कालीन थाना प्रभारी और उनकी पुलिस टीम को सीधे जगदलपुर में ही सुपुर्द किया गया।
अपराध नियंत्रण, एनडीपीएस मामलों में प्रभावी कार्रवाई, कम्युनिटी पुलिसिंग, पुलिस स्टेशन मैनेजमेंट, इनोवेशन इन पुलिसिंग और एक्सीलेंस इन पुलिसिंग जैसे अहम मानकों पर शानदार प्रदर्शन के आधार पर यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है।भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा देश के सर्वश्रेष्ठ थानों की रैंकिंग के तहत बोधघाट थाने को वर्ष 2025 की सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना रैंकिंग सूची में शामिल कर दिसंबर 2025 में आधिकारिक तौर पर छत्तीसगढ़ का नंबर-1 थाना घोषित किया गया था।
यह उपलब्धि पूरे बस्तर पुलिस के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बस्तर रेंज और बस्तर जिले के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी थाने को पूरे छत्तीसगढ़ में सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन का राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है।
बताया गया है कि तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौड़ के नेतृत्व में किए गए उत्कृष्ट कार्यों और वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान सहित पूरे पुलिस स्टाफ की टीमवर्क ने इस सफलता की मजबूत नींव रखी। अधिकारियों ने इसे बस्तर पुलिस की प्रोफेशनल, जन-केंद्रित और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली का प्रमाण बताया है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

