home page

छत्तीसगढ़ में स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त 1.50 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, बिचौलिया भी पकड़ाया

 | 
छत्तीसगढ़ में स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त 1.50 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, बिचौलिया भी पकड़ाया


कांकेर/रायपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने स्टेट जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को शनिवार को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जगदलपुर एसीबी की टीम ने इस मामले में रिश्वत की रकम पहुंचाने वाले मध्यस्थ इमरान मेमन को भी पकड़ लिया गया है।

कांकेर निवासी स्क्रैप व्यापारी मोहम्मद शोएब रंगरेज ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ई-वे बिल से जुड़े एक मामले में 18 नवंबर को उनका वाहन रोक दिया गया था। आरोप है कि वाहन को छोड़ने और प्रकरण का निपटारा करने के बदले सहायक आयुक्त अंचला गिरी की ओर से 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

इस शिकायत मिलने के बाद एसीबी जगदलपुर की टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। टीम ने शनिवार को टीम ने अंचला गिरी के निवास पर दबिश दी, जहां मध्यस्थ इमरान मेमन के माध्यम से 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मौके से बिचौलिये इमरान मेमन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस कार्रवाई पर एसीबी अधिकारी रमेश कुमार मरकाम ने बताया कि रिश्वत की रकम मध्यस्थ (इमरान मेमन) के जरिए लाई गई थी और जीएसटी अधिकारी को सौंपी गई थी। एजेंसी दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और इस मांग व लेन-देन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।दोनों आरोपितों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने अंचला गिरी के आवास पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है।

__________________

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा