home page

(अपडेट) छत्तीसगढ़ के कांकेर में हुए हादसे में मृतकों और घायलों की हुई शिनाख्त

 | 
(अपडेट) छत्तीसगढ़ के कांकेर में हुए हादसे में मृतकों और घायलों की हुई शिनाख्त


कांकेर, 10 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बीती देर रात नाथिया नवागांव के पास दो कारों की आमने-सामने की हुई टक्कर में शुक्रवार को मृतकों और घायलों की शिनाख्त हो गई है। वहीं तीनों गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है।

मृतकों की पहचान कुंती नेताम (50), शगुनदास नेताम (53), मकतुला नेताम (48), वंश नेताम (7), दीना यादव(40), जहुरा जुरीं(50)के रूप हुई, जबकि तीन अन्य मुकेश उसेंडी (45), उदित जुरीं (26) और विश्वजीत नेताम चालक (25) गंभीर रूप से घायल हैं।

कोतवाली पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब 11 बजे हुए इस हादसे में कांकेर के उड़कुडा का परिवार चीवरांज में शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव उड़कुडा लौट रहा था, तभी नाथिया नवागांव के पास उनकी कार दूसरी कार से टकरा गई। दोनों कारें तेज रफ्तार में थीं और टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। कार सवार एक ही परिवार के 3 महिला, 2 पुरुष और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे कार में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे में दोनों वाहनों में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर पंहुची पुलिस ने घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाया। कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, बताया जा रहा है कि ट्रक को ओवरटेक करते समय दाेनाें कार में भिड़त हाे गई । प्राथमिक उपचार के बाद तीनाें गंभीर रूप से घायलाें को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

कांकेर एसपी राखेचा ने बताया कि नाथिया नवागांव के पास दो कारों की टक्कर में छह लोगों की मौत हुई है और तीन अन्य घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है, घायलों के उपचार के बाद उनसे भी जानकारी ली जाएगी। शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवाया गया, पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे