home page

कैंसर की 137 दवाओं की कीमतों पर सरकार सख्त, ज्यादा पैसे वसूलने पर होगी कार्रवाई

 | 
कैंसर की 137 दवाओं की कीमतों पर सरकार सख्त, ज्यादा पैसे वसूलने पर होगी कार्रवाई


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। कैंसर मरीजों को राहत देने के लिए सरकार ने 137 कैंसर की दवाओं की कीमतों पर निगरानी बढ़ा दी है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण ने सभी राज्यों के औषधि नियंत्रकों को निर्देश दिए हैं कि वे दवा कंपनियों, मेडिकल स्टोर और अस्पतालों में नई कीमतों का पालन सुनिश्चित करें।

इन दवाओं की नई कीमतें 9 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। अब दवा कंपनियों, दुकानदारों और अस्पतालों को तय कीमत पर ही दवाएं बेचनी होंगी। साथ ही अपनी दुकानों और वेबसाइटों पर नई कीमतों की सूची भी लगानी होगी।

प्राधिकरण ने साफ किया है कि अगर कोई दुकानदार या कंपनी तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसका मकसद कैंसर मरीजों को दवाएं सही और कम कीमत पर उपलब्ध कराना है।

दवाओं की ज्यादा कीमत वसूलने, कमी या उपलब्ध नहीं होने की शिकायत मरीज फार्मा सही दाम ऐप या पोर्टल पर कर सकते हैं। इसके अलावा 1800-111-255 हेल्पलाइन नंबर और वेबसाईट पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। प्राधिकरण ने सभी राज्यों के औषधि नियंत्रकों को 16 नवंबर 2026 तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी