home page

एससीओ के मंच से भारत ने बढ़ाया सांस्कृतिक नेतृत्व की ओर कदम : शेखावत

 | 
एससीओ के मंच से भारत ने बढ़ाया सांस्कृतिक नेतृत्व की ओर कदम : शेखावत


- सिविलाइजेशन डायलॉग साझा विरासत के संरक्षण और सांस्कृतिक सहयोग का बनेगा मजबूत आधार

जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भारत में आयोजित पहली एससीओ सिविलाइजेशन डायलॉग बैठक को देश की सांस्कृतिक कूटनीति की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह संवाद आने वाले वर्षों में सदस्य देशों की साझा सभ्यतागत विरासत की पहचान, संरक्षण और संवर्धन का प्रभावी माध्यम बनेगा।

सोमवार को जोधपुर प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि वर्ष 2025 में एससीओ राष्ट्राध्यक्षों की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रस्ताव रखा था कि संगठन का मंच केवल आर्थिक, भू-राजनीतिक मुद्दों और सदस्य देशों के राष्ट्रीय हितों की रक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, अपितु इसका उपयोग सदियों पुरानी साझा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और आगे बढ़ाने के लिए भी किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री के इस प्रस्ताव को सभी सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया था।

शेखावत ने बताया कि दो दिवसीय बैठक के दौरान मंत्रीस्तरीय चर्चाओं और विभिन्न द्विपक्षीय बैठकों में चार प्रमुख विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इनमें बौद्ध मठों और विहारों की साझा परंपराओं का संरक्षण, प्राचीन पांडुलिपियों का दस्तावेजीकरण एवं संरक्षण, ऐतिहासिक सांस्कृतिक मार्गों और पारंपरिक व्यापारिक संबंधों का अध्ययन तथा यूनेस्को के मंच पर सदस्य देशों की साझा सांस्कृतिक पहचान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने जैसे विषय शामिल रहे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बैठक में सभी देशों की ओर से जिस उत्साह और सहमति के साथ सहयोग का प्रदर्शन किया गया, वह अपेक्षाओं से भी बेहतर रहा। इसी व्यापक सहमति का परिणाम इंद्रप्रस्थ कम्युनिके यानी इंद्रप्रस्थ घोषणा पत्र के रूप में सामने आया। यह घोषणा पत्र सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग को आगे बढ़ाने और साझा विरासत के संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण आधार बनेगा।

शेखावत ने कहा कि भारत के लिए यह पहल केवल अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने तक सीमित नहीं है, अपितु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। भारत की दस हजार वर्षों से अधिक पुरानी सभ्यतागत निरंतरता, ज्ञान परंपरा, इतिहास, स्थापत्य, दर्शन और सांस्कृतिक विविधता उसकी विशिष्ट पहचान है। अब आवश्यकता इस विरासत को दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने और अन्य देशों के साथ मिलकर साझा सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की है।

शेखावत ने भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए जनकपुर के साथ रेल कनेक्टिविटी को महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की ससुराल जनकपुरी के साथ भारत के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। इन संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से रेल परिचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि एससीओ सिविलाइजेशन डायलॉग के दौरान नेपाल के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पर्यटन सहयोग को विस्तार देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा, भारत और नेपाल की संस्कृति को एक-दूसरे से अलग करके नहीं देखा जा सकता। दोनों देशों के बीच धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के गहरे संबंध हैं।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल, दोनों देशों में रेल कनेक्टिविटी को लेकर उत्साह है। नेपाल में नए हवाई अड्डों के निर्माण और रेल नेटवर्क के विस्तार से धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित होंगी। इससे न केवल दोनों देशों के नागरिकों का आवागमन सुगम होगा, अपितु रामायण सर्किट सहित साझा धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा मिलेगा।

शेखावत ने कहा कि एससीओ सिविलाइजेशन डायलॉग ने यह अवसर दिया है कि सदस्य देश अपनी साझा विरासत को नए दृष्टिकोण से देखें और उसके संरक्षण के लिए मिलकर काम करें। सांस्कृतिक सहयोग के माध्यम से देशों के बीच आपसी विश्वास, संवाद और संबंधों को और प्रगाढ़ बनाया जा सकता है। भारत इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश