जनगणना 2027: दूसरे चरण की जनसंख्या गणना के लिए 40 सवालों की सूची जारी
नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए 40 सवालों की प्रश्नावली अधिसूचित कर दी। इसमें लोगों की गिनती की जाएगी। पहली बार, जनगणना के तहत जाति से जुड़ी जानकारी भी एकत्र की जाएगी। इस प्रश्नावली में नागरिकों की व्यक्तिगत, सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक जानकारी से जुड़े प्रश्न शामिल हैं। लोगों से उनके कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खातों, आधार, मतदाता पहचान पत्र और अन्य जानकारियों के बारे में भी पूछा जाएगा।
गृह मंत्रालय के तहत भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना में जनगणना अधिकारियों को परिवारों से 40 बिंदुओं से संबंधित जानकारी एकत्र करने के लिए अधिकृत किया गया है।
अधिसूचना के मुताबिक जनगणना अधिकारी अपने निर्धारित स्थानीय क्षेत्र की सीमा के भीतर रहने वाले लोगों से परिवार अनुसूची के माध्यम से इन सवालों के जवाब पूछ सकेंगे। प्रश्नावली में व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि एवं आयु, वैवाहिक स्थिति और विवाह के समय आयु से लेकर पति या पत्नी के नाम तथा घोषित राष्ट्रीयता से संबंधित जानकारी शामिल है।
इसके अलावा धर्म, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/जाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता, मातृभाषा एवं अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता तथा शैक्षणिक संस्थान में शिक्षा ग्रहण करने की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। व्यक्ति के उच्चतम शैक्षणिक स्तर और विषय/संकाय से संबंधित सवाल भी प्रश्नावली में शामिल हैं।
रोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी के लिए यह पूछा जाएगा कि व्यक्ति ने पिछले वर्ष किसी भी समय काम किया था या नहीं, उसकी आर्थिक गतिविधि की श्रेणी क्या है, व्यवसाय क्या है, उद्योग, व्यापार या सेवा का स्वरूप क्या है तथा कामगार की श्रेणी क्या है। गैर-कामगारों और सीमांत एवं अर्ध-सीमांत कामगारों के लिए गैर-आर्थिक गतिविधि तथा काम की तलाश या काम के लिए उपलब्धता के बारे में भी जानकारी मांगी जाएगी।
प्रश्नावली में कार्यस्थल तक आने-जाने की यात्रा, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान, स्थान परिवर्तन का कारण, पिछले प्रवास के बाद गांव या नगर में रहने की अवधि और स्थायी निवास के पते से जुड़े सवाल भी हैं। वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और अलग रह रही महिलाओं के लिए जीवित बच्चों की संख्या तथा कभी जीवित जन्मे बच्चों की संख्या से संबंधित प्रश्न भी शामिल किए गए हैं।
इसके अलावा कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, कुल बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर और आधार नंबर, यदि उपलब्ध हो, मांगा जाएगा। मतदाता पहचान पत्र नंबर, भारतीय पासपोर्ट धारक होने पर पासपोर्ट नंबर तथा ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी प्रश्नावली का हिस्सा है।
उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 को दो चरणों में कराया जा रहा है। पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना तथा दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। अधिसूचित प्रश्नावली दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति और परिवार से संबंधित सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक तथा जनसांख्यिकीय जानकारी जुटाने का आधार बनेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

