सीबीएसई अध्यक्ष और सचिव का तबादला, अनियमितताओं की जांच के लिए समिति का गठन
नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से जुड़े हाल के विवादित घटनाक्रम पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बोर्ड के अध्यक्ष और सचिव का तबादला कर दिया है। साथ ही कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एक सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है जो ऑन स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सेवाओं की खरीद की जांच करेगी।
सूत्रों के अनुसार सीबीएसई के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया गया है। वहीं एक कार्यालय ज्ञापन के अनुसार क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस राधा चौहान की एक जांच समिति का गठन किया गया है। उन्हें एक माह के अंदर प्रोक्योरमेंट (खरीद) की जांच कर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को रिपोर्ट सौंपनी है।
ओएसएम सीबीएसई की नई ऑन-स्क्रीन मार्किंग डिजिटल प्रणाली है, जिसको इसी साल कक्षा 12 की परीक्षाओं के लिए शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य उत्तर पुस्तिकाओं का ऑनलाइन स्कैन और मूल्यांकन कर दक्षता में सुधार लाना था। हालांकि धुंधली स्कैनिंग, बेमेल शीट, गायब पृष्ठ और कम अंक जैसी खामियों से यह प्रणाली विवाद का केंद्र बन गई।
छात्रों की शिकायतों, पोर्टल संबंधी समस्याओं और कथित तौर पर नियमों में बदलाव से चलते टीसीएस के बजाय विक्रेता ‘कोएम्ट’ का चुना जाना जन आक्रोश और राजनीतिक का कारण बना। सीबीएसई ने मामले में अपनी गलती स्वीकारी, हजारों शीटों को दोबारा स्कैन करना पड़ा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

