home page

पश्चिम एशियाई देशों में सीबीएसई की 10वीं कक्षा की परीक्षाएं रद्द, 12वीं की सात मार्च की परीक्षा स्थगित

 | 

नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान से जुड़े सुरक्षा हालात को देखते हुए वहां आयोजित की जा रही कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं 11 मार्च तक के लिए रद्द कर दी हैं, जबकि कक्षा 12 की सात मार्च को निर्धारित परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है।

सीबीएसई की ओर से जारी जानकारी के अनुसार पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में परीक्षा दे रहे छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बोर्ड ने कहा कि कक्षा 10 की जो परीक्षाएं 11 मार्च तक निर्धारित थीं, उन्हें रद्द कर दिया गया है। इन छात्रों के परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया और मूल्यांकन की पद्धति के बारे में बाद में अलग से सूचना जारी की जाएगी।

वहीं कक्षा 12 की सात मार्च को होने वाली बोर्ड परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। बोर्ड ने कहा है कि नई परीक्षा तिथि की घोषणा स्थिति की समीक्षा के बाद की जाएगी।

सीबीएसई ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूलों से अपील की है कि वे आधिकारिक सूचनाओं के लिए बोर्ड की वेबसाइट और अधिसूचनाओं पर ही भरोसा करें।

बोर्ड ने बुधवार को जारी सर्कुलर-3 के माध्यम से बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात स्थित सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों के लिए संशोधित निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, 1 और 3 मार्च को जारी पूर्ववर्ती सर्कुलरों के क्रम में क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है।

सर्कुलर के अनुसार, कक्षा 10 की 7 से 11 मार्च तक निर्धारित सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। इसके अतिरिक्त 2, 5 और 6 मार्च को निर्धारित वे परीक्षाएं, जिन्हें पहले स्थगित किया गया था, अब पूर्णतः निरस्त मानी जाएंगी।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में कक्षा 10 के विद्यार्थियों के परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया और पद्धति की सूचना अलग से जारी की जाएगी।

वहीं कक्षा 12 के संदर्भ में 7 मार्च को आयोजित होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। इसकी संशोधित तिथि बाद में घोषित की जाएगी। बोर्ड ने यह भी कहा है कि 9 मार्च से निर्धारित परीक्षाओं के संबंध में 7 मार्च को स्थिति की समीक्षा कर आगे के निर्देश जारी किए जाएंगे।

बोर्ड ने कक्षा 12 के सभी विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अपने-अपने विद्यालयों के संपर्क में रहें तथा आधिकारिक घोषणाओं पर नजर बनाए रखें।

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज के हस्ताक्षर से जारी इस परिपत्र की प्रतिलिपि संबंधित देशों में भारतीय दूतावासों तथा दुबई स्थित क्षेत्रीय कार्यालय को भी भेजी गई है।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया के इन देशों में बड़ी संख्या में भारतीय विद्यार्थियों के लिए सीबीएसई से संबद्ध विद्यालय संचालित होते हैं। बोर्ड के इस निर्णय से हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों को नई तिथियों की प्रतीक्षा रहेगी।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार