सीबीआई ने सरकारी धन के गबन मामले में उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में 14 स्थानों पर की छापेमारी
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश के अमेठी में लगभग 4 करोड़ रुपये के सरकारी धन के गबन के मामले में बुधवार को लखनऊ, अयोध्या, कुशीनगर, प्रतापगढ़ और अमेठी सहित 14 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
एजेंसी ने बताया कि यह कार्रवाई इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ द्वारा 25 मई को 'श्रवण कुमार द्विवेदी बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य' याचिका में दिए गए आदेश के अनुपालन में की गई है। सीबीआई ने इस संबंध में गत 8 जून को पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
प्राथमिकी (एफआईआर) में दर्ज आरोपियों में बेसिक शिक्षा विभाग, गौरीगंज (अमेठी) के तत्कालीन कनिष्ठ लेखा लिपिक मनोज कुमार मालवीय, ब्लॉक क्वालिटी कोऑर्डिनेटर अभिषेक सिंह, ब्लॉक एमआईएस कोऑर्डिनेटर शिवम कुमार पांडेय, प्राथमिक विद्यालय बेचुगढ़ (जगदीशपुर, अमेठी) के प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार द्विवेदी और प्राथमिक विद्यालय पूरे शिवदास गुदुर (गौरीगंज, अमेठी) के सहायक शिक्षक शैलेश चंद्र शुक्ला शामिल हैं। इससे पहले यह मामला बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अधिकारी की शिकायत पर 21 मार्च 2025 को थाना गौरीगंज, जिला अमेठी में दर्ज किया गया था।
सीबीआई ने बताया कि इन पर आरोप है कि बेसिक शिक्षा विभाग में कनिष्ठ लेखा लिपिक के पद पर कार्यरत रहते हुए मुख्य आरोपी ने सह-आरोपियों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर एक आपराधिक साजिश रची। इन लोगों ने सरकारी खजाने से धन को अवैध रूप से विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर करीब 4 करोड़ रुपये के सरकारी फंड का गबन किया। बुधवार को की गई छापेमारी के दौरान सीबीआई ने गबन किए गए सरकारी धन के निवेश और उपयोग से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

