परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच सीबीआई ने संभाली, परिजनों से करेगी पूछताछ
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अपने हाथ में लेते ही उनके घर पहुंच कर परिजनों से मुलाकात की। सीबीआई की टीम मामले से जुड़े पुलिस रिकॉर्ड और जब्त सामग्री अपने कब्जे में लेने के लिए मंगलवार रात मानसा थाने पहुंची। एजेंसी ने इस संबंध में पुलिस को औपचारिक पत्र भी जारी किया है।
सीबीआई के वरिष्ठ उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के नेतृत्व वाली टीम बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका पक्ष जाना। सीबीआई अधिकारियों ने झोटा के घर पहुंचक उनके परिजनों का हालचाल जाना और उनके बारे में तमाम तथ्य जाने। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों, औषधि नियंत्रकों और अन्य विशेषज्ञों के भी मानसा पहुंचने की सूचना है।
मामले में पोस्टमार्टम चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में विशेषज्ञों की टीम करेगी। चंडीगढ़ में मजिस्ट्रेट की निगरानी में जांच की कार्रवाई भी की जाएगी। सीबीआई की टीम परिजनों से बातचीत के बाद मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच आगे बढ़ाएगी।
उल्लेखनीय है कि परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा में बाजार के अंदर एक मेडिकल स्टोर के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाओं की कथित अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाते थे। घटना के समय वह सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण कर रहे थे। इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार को गिरफ्तार किया गया था।
झोटा के परिजनों ने मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की थी। इसके बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 20 अक्टूबर को जांच सीबीआई को सौंपने की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मंगलवार को परिवार से मुलाकात की थी। अब सीबीआई हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

