home page

चंडीगढ़ पुलिस का एएसआई रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया, सीबीआई ने किया गिरफ्तार

 | 
चंडीगढ़ पुलिस का एएसआई रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया, सीबीआई ने किया गिरफ्तार


नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने चंडीगढ़ पुलिस के सेक्टर-39 थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) हितेश कुमार को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित पर सड़क दुर्घटना मामले में वाहन को छोड़ने और शिकायतकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

सीबीआई ने रविवार को बताया कि इस मामले में 6 जून को शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एएसआई हितेश कुमार ने सड़क दुर्घटना से जुड़े एक मामले में उसका वाहन छोड़ने और उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज नहीं करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

जांच के दौरान बातचीत के बाद आरोपित 40 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और 6 जून को आरोपित एएसआई को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार एएसआई को चंडीगढ़ की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।

सीबीआई ने आरोपित के ठिकानों पर तलाशी अभियान भी शुरू किया है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर