रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार आरोपित सीजीएसटी अधीक्षक के घर से 1.86 करोड़ नकदी व आभूषण बरामद
नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के अधीक्षक के पंचकूला स्थित आवास पर तलाशी के दौरान करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना और चांदी बरामद की है। आरोपी अधीक्षक को 19 नवंबर 2026 को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था।
सीबीआई के अनुसार, आरोपित अधीक्षक लवकुश कुमार के खिलाफ 19 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था। उस पर एक निजी कंपनी के खिलाफ जीएसटी कार्यवाही में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते समय पंचकूला में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया गया।
20 नवंबर को आरोपित के आवास पर तलाशी ली गई। इस दौरान 24.29 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा, करीब 15.65 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा तथा लगभग 1.46 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, सोने की ईंटें और चांदी बरामद की गई। बरामद नकदी और कीमती सामान का कुल मूल्य करीब 1.86 करोड़ रुपये है।
तलाशी के दौरान छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले। इसके अलावा आरोपित और उसके परिवार के सदस्यों के वाहन तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।
सीबीआई के अनुसार, बरामद वित्तीय और संपत्ति संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके जरिए आरोपित और उसके परिवार के सदस्यों की संपत्तियों, निवेश और वित्तीय लेनदेन का पता लगाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

