home page

सीबीआई ने अभिजीत सरकार हत्याकांड में घोषित भगोड़े आरोपित को गुवाहाटी से किया गिरफ्तार

 | 
सीबीआई ने अभिजीत सरकार हत्याकांड में घोषित भगोड़े आरोपित को गुवाहाटी से किया गिरफ्तार


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े अभिजीत सरकार हत्याकांड में घोषित भगोड़े आरोपित अरूप दास उर्फ बापी दास को असम के गुवाहाटी से गिरफ्तार किया है। आरोपित वर्ष 2021 में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था।

सीबीआई ने गुरुवार को बताया कि आरोपित जांच और न्यायिक प्रक्रिया में कभी शामिल नहीं हुआ। उसकी गिरफ्तारी के लिए एजेंसी ने 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। खुफिया सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के 19 अगस्त 2021 के आदेश के अनुपालन में 25 अगस्त 2021 को कोलकाता के नारकेलडांगा थाने में दर्ज प्राथमिकी अपने हाथ में लेकर मामले की जांच शुरू की थी। मामला 2 मई 2021 को सीतलातला लेन में अभिजीत सरकार की कथित हत्या से संबंधित है।

जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने वर्ष 2021 और 2025 में 38 आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र और पूरक आरोपपत्र दाखिल किए थे। इनमें अरूप दास उर्फ बापी दास के अलावा तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस विधायक परेश पाल तथा तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस पार्षद स्वपन समद्दार और पापिया घोष भी शामिल हैं। मामला फिलहाल कोलकाता के सिटी सेशंस कोर्ट में विचाराधीन है।

सीबीआई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को 7 अगस्त को सक्षम न्यायालय में पेश करने के लिए गुवाहाटी से कोलकाता लाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर