home page

सीबीआई ने साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क के प्रमुख साजिशकर्ता उबैद उल्लाह को गुवाहाटी से किया गिरफ्तार

 | 
सीबीआई ने साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क के प्रमुख साजिशकर्ता उबैद उल्लाह को गुवाहाटी से किया गिरफ्तार


गुवाहाटी, 19 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क के एक प्रमुख साजिशकर्ता उबैद उल्लाह को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ऑपरेशन चक्र के तहत की गई, जिसका उद्देश्य संगठित साइबर अपराध को खत्म करना है।

सीबीआई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी उबैद गुवाहाटी में अवैध रूप से जारी किए गए सिम कार्डों का संगठक था और अगस्त 2025 से फरार चल रहा था। उसे रविवार सुबह गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लगभग 67 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से पीओएस एजेंटों को स्थानांतरित किए थे, जिसके जरिए करीब 10,000 अवैध सिम कार्ड हासिल किए गए। इसके अलावा, इन सिम कार्डों को प्राप्त करने के लिए कुरियर लेन-देन के सबूत भी मिले हैं।

सीबीआई ने बताया कि अब तक आठ राज्यों में लगभग 45 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया है और 10 पीओएस एजेंटों को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध सिम कार्ड जारी करने में शामिल थे। इन सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी डिजिटल गिरफ्तारी, ऋण धोखाधड़ी और निवेश घोटालों जैसी गतिविधियों में किया जा रहा था। एजेंसी ने बताया कि अन्य साजिशकर्ताओं की खोजबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर