सीबीआई ने एमसीडी के उपायुक्त और प्रशासी अधिकारी को चार लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा
नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के शाहदरा उत्तरी जोन में तैनात प्रशासी अधिकारी गौतम और उपायुक्त अभिषेक मिश्रा को चार लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने बताया कि एजेंसी ने 30 मार्च को प्रशासी अधिकारी गौतम के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप था कि उन्होंने उपायुक्त अभिषेक मिश्रा की ओर से शिकायतकर्ताओं से चार लाख रुपये की घूस मांगी थी, ताकि उनकी जांच रिपोर्ट को सक्षम प्राधिकारी के पास अनुकूल रूप से भेजा जा सके।
एजेंसी ने उसी दिन जाल बिछाकर प्रशासी अधिकारी गौतम को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आगे की कार्रवाई में उपायुक्त अभिषेक मिश्रा की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एजेंसी ने बताया है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपियों की निशानदेही पर साक्ष्यों को ढूंढा जा रहा है और तफ्तीश को आगे बढ़ाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

