home page

दिल्ली: रिंग रोड पर सीएक्यूएम के निरीक्षण में धूल और निर्माण कचरे के 17 उल्लंघन मिले

 | 
दिल्ली: रिंग रोड पर सीएक्यूएम के निरीक्षण में धूल और निर्माण कचरे के 17 उल्लंघन मिले


- 25 सड़क पट्टियों के 35 किलोमीटर हिस्से की हुई जांच

नई दिल्ली, 04 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के रिंग रोड पर चलाए विशेष निरीक्षण अभियान में सड़क पर अधिक मात्रा में धूल और निर्माण एवं विध्वंस कचरा जमा होने के 17 उल्लंघन पाए गए। इस अभियान के तहत सीएक्यूएम ने 25 सड़क पट्टियों के करीब 35 किलोमीटर हिस्से का निरीक्षण किया।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अनुसार, सीएक्यूएम ने 3 अक्टूबर को यह विशेष अभियान चलाया। आयोग की ओर से गठित चार उड़न दस्तों ने दिल्ली लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकार क्षेत्र वाली सड़कों का निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य रिंग रोड पर सड़क की धूल की स्थिति और सफाई तथा झाड़ू लगाने के कार्य की प्रभावशीलता का आकलन करना था।

आयोग ने कहा कि निरीक्षण में सामने आए मामलों से संबंधित सड़क एजेंसियों की ओर से सड़क की सफाई, झाड़ू लगाने और धूल नियंत्रण के निर्धारित उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने की जरूरत सामने आई है।

सीएक्यूएम के अनुसार सड़क की धूल को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही से इसके दोबारा हवा में फैलने से रोकने के लिए नियमित और प्रभावी सफाई जरूरी है। सड़क किनारे और मुख्य सड़क पर जमा निर्माण एवं विध्वंस कचरा तथा धूल वाहनों की आवाजाही से दोबारा हवा में फैल सकती है और इससे वायु गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

आयोग ने दिल्ली पीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित एजेंसियों को सड़क की धूल नियंत्रित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित एजेंसियों के अधिकार क्षेत्र वाली सड़कों को नियमित सफाई, जमा धूल और निर्माण एवं विध्वंस कचरे को हटाकर साफ और धूल मुक्त रखने पर जोर दिया गया है।

सीएक्यूएम ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। इन अभियानों के जरिए वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन का आकलन किया जाएगा, अनुपालन में कमियों की पहचान की जाएगी और संबंधित एजेंसियों से समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई कराई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर