home page

कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के फेज-2ए को दी मंजूरी, एयरपोर्ट तक पहुंचेगी मेट्रो

 | 
कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के फेज-2ए को दी मंजूरी, एयरपोर्ट तक पहुंचेगी मेट्रो


नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार ने अहमदाबाद मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के फेज-2ए (कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट कॉरिडोर) को मंजूरी दे दी है। 6.032 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में पांच स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें चार एलिवेटेड और एक भूमिगत स्टेशन शामिल होगा। परियोजना की कुल लागत 2,169.04 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को यहां मीडिया को कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कोटेश्वर रोड-एयरपोर्ट कॉरिडोर को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि छह किलोमीटर लंबे इस मार्ग में पांच स्टेशन होंगे और इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह एयरपोर्ट को सरदार पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव से जोड़ेगा, जिसे राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर विकसित किया जा रहा है। परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

फेज-2ए के तहत बनने वाले स्टेशनों में आश्रम रोड, कोटेश्वर प्राचीन मंदिर, साबरमती नदी, सरदार नगर और एयरपोर्ट स्टेशन शामिल हैं। इस चरण के पूरा होने के बाद अहमदाबाद-गांधीनगर में सक्रिय मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 77.63 किलोमीटर हो जाएगी।

सरकार के अनुसार यह परियोजना एयरपोर्ट, आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा से जोड़ेगी तथा मौजूदा अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो नेटवर्क के साथ निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करेगी। इससे शहरी आवागमन आसान होगा, पर्यटन और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा वर्ल्ड पुलिस गेम्स 2029 और कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 के लिए आसपास स्पोर्ट्स सुविधाएं भी विकसित किए जाने की संभावना है।

सरकार के मुताबिक परियोजना से आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी, निवेश आकर्षित होगा और कम विकसित क्षेत्रों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक वर्गों के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की समान सुविधा उपलब्ध होने से जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा।

अहमदाबाद मेट्रो फेज-2A से निर्माण कार्य के सबसे व्यस्त समय में लगभग दो हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि परिचालन और रखरखाव के दौरान करीब 500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार