home page

(लीड) विधानसभा की 5 सीटों के उपचुनाव में राजग तीन पर विजयी, टीवीके एक जीती, एक पर आगे

 | 
(लीड) विधानसभा की 5 सीटों के उपचुनाव में राजग तीन पर विजयी, टीवीके एक जीती, एक पर आगे


(लीड) विधानसभा की 5 सीटों के उपचुनाव में राजग तीन पर विजयी, टीवीके एक जीती, एक पर आगे


- असम के नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार की निर्णायक बढ़त

नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। देश के तीन राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में एक लोकसभा तथा पांच विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और क्षेत्रीय दलों को सफलता मिली है। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों पर भाजपा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। तमिलनाडु के धारापुरम विधानसभा क्षेत्र में तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) की उम्मीदवार सत्यभामा.पी विजयी हुईं, जबकि मधुरांतकम सीट पर टीवीके के के. मरागथम कुमारवेल मतगणना के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार आगे चल रहे हैं। पुडुचेरी के तट्टांचावडी में भाजपा-नीत राजग के घटक दल सत्तारूढ़ एनआर कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक आनंद ने जीत दर्ज की। वहीं, असम के नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा के देवाशीष शर्मा ने 1.66 लाख से अधिक मतों की निर्णायक बढ़त बना रखी है।

चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार हासिरानी रथ ने 1,22,753 मतों के अंतर से जीत हासिल की। मतगणना के 15 राउंड के बाद आए परिणाम में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया। रेजिनगर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार शाखारव सरकार ने 75,748 मतों से जीत दर्ज की।

नंदीग्राम में हासिरानी रथ की जीत इसलिए भी चर्चा में रही, क्योंकि उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पिछले चुनावी जीत के अंतर को पीछे छोड़ दिया। वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में 81,230 मतों से जीत दर्ज की थी। वर्ष 2021 में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर उनकी जीत का अंतर 1,956 मत रहा था, जबकि 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 9,665 मतों से जीत हासिल की थी। हासिरानी रथ दिवंगत चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ शुभेंदु अधिकारी के निजी सचिव थे।

मतगणना के शुरुआती दौर से ही नंदीग्राम में भाजपा उम्मीदवार ने बढ़त बना रखी थी। 11वें राउंड के बाद हासिरानी रथ 90,203 मतों से आगे थीं। 13वें राउंड में उनकी बढ़त बढ़कर 1,05,854 मत हो गई। अंतिम परिणाम में जीत का अंतर 1,22,753 मत दर्ज किया गया।

रेजिनगर में भी भाजपा उम्मीदवार शाखारव सरकार ने मतगणना के दौरान लगातार बढ़त बनाए रखी। पोस्टल बैलेट की गिनती से शुरू हुई उनकी बढ़त 12वें राउंड तक 70 हजार मतों के पार पहुंच गई। अंतिम परिणाम में उन्होंने 75,748 मतों से जीत हासिल की।

दोनों सीटों पर भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसे राष्ट्रवादी शक्तियों की सफलता बताया। उन्होंने पहले ही दावा किया था कि तृणमूल कांग्रेस और वामदल इन दोनों सीटों पर प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे।

रेजिनगर में मुस्लिम आबादी की बहुलता वाले क्षेत्र में भाजपा को मिले समर्थन की व्याख्या करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि महिलाओं को बिना किसी धार्मिक भेदभाव के ‘अन्नपूर्णा योजना’ का लाभ मिला है और इसी वजह से उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान किया। विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग की भूमिका और कथित धांधली को लेकर उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि पूरी चुनावी प्रक्रिया उच्चतम न्यायालय की निगरानी में संपन्न हुई।

उल्लेखनीय है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था। दोनों जगह जीतने के बाद उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया था। भवानीपुर में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था। इसी तरह, आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने नाओदा और रेजिनगर दोनों सीटों से चुनाव जीता था। बाद में उन्होंने रेजिनगर सीट छोड़ दी। इन रिक्तियों के कारण छह अक्टूबर को दोनों विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराए गए।

तमिलनाडु के धारापुरम विधानसभा क्षेत्र में तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) की उम्मीदवार सत्यभामा.पी ने 66,841 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) की उम्मीदवार सुगन्या.एस को 9,471 मतों से हराया। सुगन्या.एस को 57,370 मत मिले। अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) की उम्मीदवार भानुमति.के 45,280 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, नाम तमिलर काची (एनटीके) के उम्मीदवार को 5,268 मत मिले।

धारापुरम आरक्षित विधानसभा क्षेत्र में अप्रैल 2026 में हुए विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक की पी. सत्यबामा ने जीत हासिल की थी। चुनाव परिणाम घोषित होने के कुछ सप्ताह बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर टीवीके का दामन थाम लिया। इसके बाद सीट रिक्त घोषित कर उपचुनाव कराया गया।

उपचुनाव में टीवीके की ओर से पी. सत्यबामा, डीएमके की ओर से एस. सुगन्या, अन्नाद्रमुक की ओर से के. भानुमति, एनटीके की ओर से एम. कार्तिका और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से पी. लक्ष्मणन प्रमुख उम्मीदवार थे। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 22 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, जिनमें 14 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल थे।

तमिलनाडु के मधुरांतकम विधानसभा क्षेत्र में टीवीके के उम्मीदवार के. मरागथम कुमारवेल को उपलब्ध मतगणना आंकड़ों के अनुसार 73,152 मत मिले हैं। वह डीएमके के उम्मीदवार आई. परांथामेन से 20,222 मतों से आगे चल रहे हैं। परांथामेन को 52,930 मत मिले हैं। अन्नाद्रमुक के एस. कनिथासम्पथ को 46,353 मत मिले हैं और वह तीसरे स्थान पर हैं। नाम तमिलर काची के जी. जानकीरामन को 2,675 मत मिले हैं।

मधुरांतकम आरक्षित विधानसभा क्षेत्र में अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक की ओर से मरगदम कुमारवेल ने जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर टीवीके में शामिल होने का फैसला किया। इसके कारण मधुरांतकम सीट पर उपचुनाव कराया गया। छह अक्टूबर को हुए उपचुनाव में टीवीके की ओर से मरगदम कुमारवेल मैदान में थीं। द्रमुक ने आई. परांथामेन, अन्नाद्रमुक ने एस. कनिथासम्पथ, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने सुगंधि और एनटीके ने जी. जानकीरामन को उम्मीदवार बनाया था। इस सीट पर कुल 27 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा।

पुडुचेरी के तट्टांचावडी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दल सत्तारूढ़ एनआर कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक आनंद ने जीत हासिल की। उन्हें कुल 13,358 मत मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार विनायगम को 4,876 मत प्राप्त हुए। इस तरह अशोक आनंद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 8,482 मतों से हराया। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के उम्मीदवार को 2,664 मत मिले। तट्टांचावडी विधानसभा क्षेत्र में कुल 21,256 मत पड़े। अशोक आनंद की जीत के साथ पुडुचेरी विधानसभा में एनआर कांग्रेस के विधायकों की संख्या 12 बनी हुई है। इस परिणाम के साथ पार्टी ने तट्टांचावडी सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा।

यह सीट मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। रंगासामी ने विधानसभा चुनाव में तट्टांचावडी और मंगलम, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने तट्टांचावडी से इस्तीफा दे दिया, जिसके कारण यहां उपचुनाव कराना पड़ा। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में रंगासामी ने तट्टांचावडी सीट पर 10,024 मत हासिल कर जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार विनायगम को 4,441 मतों के अंतर से हराया था। उपचुनाव में उनकी पार्टी के उम्मीदवार अशोक आनंद ने 8,482 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

चुनाव आयोग के शाम 7 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक असम के नगांव लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर 1,66,134 मतों की निर्णायक बढ़त बना ली है। शर्मा को 6,87,110 मत मिले हैं। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के उम्मीदवार मोहम्मद बदरुद्दीन अजमल को 5,20,976 मत मिले हैं और वह दूसरे स्थान पर हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उम्मीदवार शिवामोनी बरा को 1,22,941 मत मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार मणिरुल हुसैन को 6,090 मत प्राप्त हुए।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / उदय कुमार सिंह