home page

संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें जनप्रतिनिधिः नितिन नवीन

 | 
संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें जनप्रतिनिधिः नितिन नवीन


संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें जनप्रतिनिधिः नितिन नवीन


-भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में सरकार-संगठन समन्वय पर जोर, 100 दिनों के कार्यों की हुई समीक्षा

पटना, 25 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानमंडल दल की बैठक शनिवार को प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित और विकास कार्यों को और गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उनके नेतृत्व में राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी गईं।

बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बीते 100 दिनों के दौरान सरकार द्वारा जनहित, सुशासन और विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार ने पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से जनता का विश्वास मजबूत किया है तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। नेताओं ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच निरंतर संवाद, बेहतर समन्वय और जनभागीदारी के माध्यम से विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जनप्रतिनिधियों से संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की है तथा सरकार और संगठन के बेहतर सामंजस्य से ही विकास के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आग्रह किया। साथ ही आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा जनसंपर्क अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई। सभी जनप्रतिनिधियों से जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

बैठक में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसनिया सहित भाजपा के सभी विधायक एवं विधान पार्षद उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त