केद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा
पटना, 14 अगस्त (हि.स.)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के नेतृत्व में शुक्रवार को उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से मोरवा विधानसभा क्षेत्र तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, युवा और राष्ट्रप्रेमी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारे लगाए। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनभागीदारी का एक सशक्त अभियान बन चुका है। यह अभियान राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रगौरव की भावना से समाज का हर वर्ग उत्साहपूर्वक जुड़ रहा है। तिरंगा सिर्फ तीन रंगों का ध्वज नहीं है, बल्कि यह भारतीयों की धड़कन, आन-बान-शान, स्वाभिमान और वीरों के बलिदान की अमर स्मृति का प्रतीक है।
नित्यानंद राय ने देशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराने का अवसर भी है।
तिरंगा यात्रा में पार्टी के प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा, समस्तीपुर पश्चिमी के जिलाध्यक्ष शशिधर झा, मोहिउद्दीननगर के विधायक राजेश सिंह, रोसड़ा के विधायक वीरेंद्र सिंह, विधान पार्षद तरुण सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

