home page

एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले सेतु मिश्रा का पटना में स्वागत

 | 
एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले सेतु मिश्रा का पटना में स्वागत


पटना, 15 जुलाई (हि.स.)। चीन में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के लिए स्वर्ण और रजत पदक जीतकर बिहार एवं देश का गौरव बढ़ाने वाले मोतिहारी के युवा एथलीट सेतु मिश्रा का मंगलवार को पटना लौटने पर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और परिजनों ने फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र से उनका अभिनंदन कर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व जताया।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण स्वयं पटना एयरपोर्ट पहुंचे और सेतु मिश्रा का फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव लियाकत अली, खेल प्राधिकरण के अधिकारी मोहम्मद हारुन, सेतु मिश्रा की माता, बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।

इस दौरान बिहार के प्रतिभाशाली राष्ट्रीय स्तर के धावक विभास्कर कुमार का भी सम्मान किया गया। रवीन्द्रण शंकरण ने उन्हें भी अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर उनके खेल योगदान की सराहना की तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि चीन में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सेतु मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने 4×400 मीटर पुरुष रिले स्पर्धा में रजत पदक जीतकर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल भारत का तिरंगा अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया, बल्कि बिहार का नाम भी पूरे देश में गौरवान्वित हुआ।

इस मौके पर रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि सेतु मिश्रा की उपलब्धि बिहार के खेल इतिहास में एक नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि सेतु एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाले बिहार के पहले एथलीट बन गए हैं। उनकी सफलता राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि प्रतिभा को उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तो बिहार के खिलाड़ी विश्व स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेतु मिश्रा भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और बिहार का नाम रोशन करते हुए नई ऊंचाइयों को छुएंगे। वहीं एयरपोर्ट पर मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने सेतु के सम्मान में उनकी उपलब्धि का उत्सव मनाया। उनके स्वागत के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी